Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दोस्त ने ही रची थी रवि यादव की हत्या की साजिश, जमशेदपुर पुलिस ने किया खुलासा

    Updated: Mon, 11 Aug 2025 06:52 PM (IST)

    जमशेदपुर में रवि यादव को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर कुमार सिंह उर्फ पांडू विवेक साह और संजय वर्मा को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी के मुताबिक रवि का कुछ समय पहले निहाल तिवारी से झगड़ा हुआ था। समझौते के बाद भी बदले की आग जल रही थी। निहाल ने पांडू के साथ मिलकर रवि की हत्या की साजिश रची।

    Hero Image
    जमशेदपुर पुलिस ने रवि यादव पर फायरिंग मामले का किया खुलासा।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी में बीते 5 अगस्त को हुए गोलीकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। रवि यादव पर फायरिंग के पीछे दोस्ती में धोखा, फिर समझौते के बाद जानलेवा हमला की कहानी सामने आई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस मामले में मुख्य आरोपी समीर कुमार सिंह उर्फ पांडू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला एक पुराने झगड़े का बदला लेने की साजिश थी। 

    फिल्मी अंदाज में हुई थी वारदात 

    पांच अगस्त की शाम करीब 5.38 बजे, रवि यादव को अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस पर दबाव था और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।

    इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समीर कुमार सिंह उर्फ पांडू, और दो अन्य आरोपी विवेक साह और संजय वर्मा उर्फ संजू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस के खुलासे के अनुसार, घायल रवि यादव का कुछ महीने पहले निहाल तिवारी से विवाद हुआ था। हालांकि, बाद में दोनों ने समझौता कर लिया था। इस समझौते के बाद भी निहाल के मन में बदले की आग जल रही थी।

    उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रवि की हत्या की योजना बनाई। पांच अगस्त को, जब निहाल और पांडू स्कूटी पर गुजर रहे थे, तो रवि ने उन्हें देखकर रोक लिया और पांडू के साथ बहस करने लगा।

    इसी दौरान, निहाल ने अपने बैग में रखी पिस्टल और कट्टे से रवि पर छह राउंड गोलियां चलाईं और पांडू के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि फरार निहाल तिवारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान

    पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और उनके पास से बरामद सामान की जानकारी भी दी है:

    • समीर कुमार सिंह उर्फ पांडू (19 वर्ष), निवासी रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी, बागबेड़ा
    • संजय वर्मा उर्फ संजू वर्मा (21 वर्ष), निवासी कीताडीह, राजू बागान
    • विवेक साह (19 वर्ष), निवासी कीताडीह, राजू बागान

    पुलिस ने इन आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक काले रंग की होंडा स्कूटी और एक सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी जमशेदपुर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।