Jamshedpur News: टाटानगर पार्किंग में कर्मचारियों की गुंडागर्दी, यात्री को हॉकी स्टिक से मारकर किया घायल
जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन पर पार्किंग कर्मचारियों और बाउंसरों ने एक यात्री मनीष कुमार सिंह को हॉकी स्टिक से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पार्किंग शुल्क को लेकर हुए विवाद के बाद कर्मचारियों ने हमला किया। घायल यात्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक हॉकी स्टिक जब्त की है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटानगर स्टेशन की पार्किंग एक बार फिर विवादों में आ गई है। शुक्रवार रात पार्किंग कर्मचारियों और बाउंसरो ने पटना जाने वाले यात्री को न सिर्फ हॉकी स्टिक से पीटकर घायल कर दिया।
बल्कि टाटानगर रेल थाने में उसे जान से मारने की भी धमकी तक दे डाली। इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घायल यात्री की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो काम की तलाश में जमशेदपुर आए थे। घटना के वक्त वह साउथ बिहार एक्सप्रेस पकड़ने के लिए बर्मामाइंस स्थित सेकेंड एंट्री गेट पहुंचे थे।
उनके साथी ने जब मनीष को छोड़ कर जाने लगे तो पार्किंग शुल्क को लेकर उनकी बहस वहां तैनात पार्किंग कर्मचारियों से हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारियों ने उन पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल मनीष किसी तरह टाटानगर जीआरपी थाना पहुंचे। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। थोड़ी देर बाद पार्किंग से जुड़े आठ से 10 युवक थाने पहुंच गए और रेल पुलिस के सामने ही मनीष को बाहर भेजनें और जान से मारने की धमकी दी।
साथ ही घायल यात्री के साथ थाने के अंदर धक्का मुक्की और हाथापाई भी की गई। वहीं, घटना के दौरान टाटानगर स्टेशन पर काफी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि टाटानगर की पार्किंग असली कर्मचारियों से ज्यादा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। यात्रियों से विवाद, धमकी और वसूली जैसी घटनाएं यहां आम हो चुकी हैं।
लोगों का कहना है कि रेलवे और जिला प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
यदि ऐसी स्थिति पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो टाटानगर स्टेशन का माहौल बिगड़ता जाएगा। रेलवे जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
रेल पुलिस ने शुरू की जांच, हॉकी स्टिक जब्त
इस पूरे घटनाक्रम में रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से एक हॉकी स्टिक को भी जब्त किया है। वहीं, घटना मे कौन कौन लोग शामिल है, सीसीटीवी फुटेज के आंधार पर जांच की जा रही है।
यात्री की छूटी ट्रेन
इस घटना के बाद यात्री मनीष की ट्रेन भी छूट गईं है। मनीष ने मामले की लिखित शिकायत की है। उनका कहना है कि उनसे थोड़ी देर गाड़ी खड़ी करने के लिए जबरन 512 रुपए मांगे जा रहे थे, जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ। जबकि 10 मिनट तक पार्किंग फ्री है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।