जमशेदपुर के लोगों के लिए खुशखबरी, जल्द होगा फ्लाईओवर का निर्माण; हेमंत सरकार से चल रही है बात
जमशेदपुर को जाम मुक्त करने के लिए टाटा स्टील मानगो की तरह फ्लाईओवर बनाने की योजना बना रही है। इसके लिए टाटा स्टील झारखंड सरकार से बात कर रही है। शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण पार्किंग की समस्या बढ़ गई है। मानसून के बाद सड़कों की मरम्मत की जाएगी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर को जाम मुक्त बनाने के लिए टाटा स्टील मास्टर प्लान बना रही है। इसके लिए मानगो की तरह शहर में भी फ्लाई ओवर निर्माण कराया जाएगा। टाटा स्टील इसके लिए झारखंड सरकार से बातचीत कर रही है।
यह कहना है टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम का। सिंहभूम चैंबर के नए पार्किंग का उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने ये बातें कहीं। बकौल वाइस प्रेसिडेंट, शहर में लगातार वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है जिसके कारण पार्किंग की भी समस्या उत्पन्न हो गई है।
ऐसे में शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए टाटा स्टील मास्टर प्लान बना रही है। इसके लिए मानगो की तर्ज पर शहर में भी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा लेकिन, तकनीकी विषय हो या प्रोजेक्ट में निवेश की बात हो, टाटा स्टील को इसमें झारखंड सरकार से भी सहयोग की आवश्यकता है।
हम इसके लिए राज्य सरकार से बात कर रहे हैं ताकि फ्लाईओवर का निर्माण कर शहर को बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को कम किया जा सके।
वहीं, अपने संबोधन में डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि मुझे भी कार चलाने का शौक है लेकिन ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या के कारण मैंने अपने लिए ड्राइवर रख लिया है।
मालूम हो कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए ईस्टर्न व वेस्टर्न कॉरिडोर का निर्माण किए जाने का निर्णय लिया गया था लेकिन मरीन ड्राइव के रूप में वेस्टर्न कॉरिडोर का निर्माण तो हुआ लेकिन लगभग 800 करोड़ से हाता से राष्ट्रीय राजमार्ग-33 को जोड़ने वाले ईस्टर्न कॉरिडोर का निर्माण टाटा स्टील व झारखंड सरकार के बीच सहमति नहीं बनने के कारण नहीं बन पाया।
मानसून बाद होगी सड़कों की मरम्मती
पत्रकारों से बात करते हुए डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि इस वर्ष शहर में औसत से अधिक बारिश हुई है जिसके कारण कई स्थानों की सड़कों पर गढ़ड़े बन गए हैं। मानसून के बाद ऐसे सभी सड़कों की मरम्मती की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।