टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए बोनस का एलान, जानें आपके खाते में कितना पैसा आएगा; ऐसे करें खुद गणना
टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारियों को 303.13 करोड़ रुपये का बोनस देने की घोषणा की है जो 6 सितंबर को खातों में जमा होगा। बोनस की गणना कर्मचारी के वार्षिक वेतन और महंगाई भत्ते पर आधारित होगी। कंपनी ने बोनस राशि की गणना के लिए एक सरल फॉर्मूला भी जारी किया है जिससे कर्मचारी अपने बोनस का अनुमान लगा सकते हैं।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए इस साल भी बोनस की घोषणा हो गई है। कंपनी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अपने जमशेदपुर प्लांट समेत कई अन्य डिवीजनों के कर्मचारियों को कुल 303.13 करोड़ रुपये का वार्षिक बोनस देगी।
यह बोनस राशि 6 सितंबर को सभी योग्य कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी। सबसे खास बात यह है कि आप खुद भी यह पता लगा सकते हैं कि आपको कितना बोनस मिलेगा।
इसके लिए कंपनी ने एक सीधा और सरल फॉर्मूला जारी किया है, जिसे समझकर कोई भी कर्मचारी अपने हिस्से की बोनस राशि का अनुमान लगा सकता है।
कंपनी की ओर से मुख्य राजस्व लेखा व कर्मचारी लाभ अधिकारी, अवनीश अरुण के हस्ताक्षर से जारी सर्कुलर के अनुसार, बोनस की गणना कर्मचारी के साल भर के ''बोनस योग्य वेतन'' (बेसिक और महंगाई भत्ता) के आधार पर की जाएगी। आइए, इसे आसान भाषा में समझते हैं ताकि आप अपनी बोनस राशि की गणना आसानी से कर सकें।
ऐसे पता लगाएं अपनी बोनस राशि
- टाटा स्टील प्रबंधन ने बोनस की गणना के लिए एक स्पष्ट फर्मूला तय किया है। इसे समझने के लिए आपको बस दो चीजों की जानकारी होनी चाहिए:
- कंपनी द्वारा घोषित कुल बोनस राशि (जो 303.13 करोड़ रुपये है)।
- कर्मचारियों को दिए गए कुल बोनस योग्य वेतन (जो 1817.05 करोड़ रुपये है)।
गणना का फॉर्मूला:
(कुल वार्षिक बोनस राशि (303.13 करोड़ रु.) ÷ कुल बोनस योग्य वेतन (1817.05 करोड़ रु) x कर्मचारी का व्यक्तिगत बोनस योग्य वेतन (बेसिक डीए)
सरल शब्दों में समझिए
सबसे पहले, कंपनी कुल बोनस (303.13 करोड़) को कुल बांटे गए वेतन (1817.05 करोड़) से भाग देगी। इससे एक बोनस प्रतिशत या फैक्टर निकलेगा। फिर, इस फैक्टर को आपके साल भर के कुल बेसिक वेतन और महंगाई भत्ते (डीए) की कुल राशि से गुणा किया जाएगा। जो नतीजा आएगा, वही आपकी बोनस राशि होगी। इसमें अगर आपका कोई बकाया (एरियर) है, तो उसे भी जोड़ा जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।