विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा मोटर्स में आंदोलन से थम गए पहिए, रोज 400 वाहन बनाने वाले प्लांट में बुधवार को शून्य उत्पादन

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:55 AM (IST)

जमशेदपुर में टाटा मोटर्स प्लांट में मृत कर्मचारी के आश्रित को स्थायी नौकरी की मांग पर चार दिन से चल रहा गतिरोध समाप्त हुआ। प्रबंधन की सहमति के बाद गेट जाम हटा लिया गया, जिससे ठप पड़ा उत्पादन फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

टाटा मोटर्स में दिनभर चला था हंगामा। (फोटो सोर्स- जागरण)

टाटा मोटर्स में दिनभर चला था हंगामा। (फोटो सोर्स- जागरण)

HighLights

  1. मजदूर नेता बंटी सिंह की पहल पर आंदोलन शुरू हुआ।

  2. मृत कर्मचारी के आश्रित को स्थायी नौकरी पर सहमति बनी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चार दिन से चल रहा गतिरोध बुधवार देर शाम समाप्त हुआ। कंपनी प्रबंधन ने इंजन डिवीजन के मृत कर्मचारी सुबोध पात्रो के आश्रित को स्थायी (ग्रेड-6 में अधिकारी या टीएमएसटी) नौकरी देने को सहमत हो गई है। इसके बाद अनिश्चितकालीन गेट जाम को समाप्त कर दिया गया है।

मजदूर नेता बंटी सिंह की पहल पर मृत कर्मचारी को स्थायी नौकरी, मामले की उच्चस्तरीय जांच व मुआवजा की मांग को लेकर आश्रित बीते रविवार से मुख्य गेट को जाम रखा था। बुधवार सुबह झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन आंदोलन में शामिल हुए और कंपनी के सभी सातों गेट को जाम कर दिया। इसके कारण ए व जनरल शिफ्ट में ड्यूटी आने वाली 6500 अधिकारी-कर्मचारी प्लांट के अंदर नहीं जा पाए।

स्थिति को देखते हुए प्रबंधन ने बी शिफ्ट को भी सस्पेंड कर दिया। ऐसे में कंपनी के बाहर कर्मचारियों के साथ-साथ माल लेकर पहुंचे भारी वाहनों का लंबा जाम लग गया। नतीजन उत्पादन पूरी तरह से ठप हो गया। हर दिन औसतन 400 भारी वाहनों का उत्पादन करने वाली टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में बुधवार को एक भी वाहन नहीं बने।

इससे करोड़ों रुपये का नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। इस पर प्रबंधन ने आकलन के बाद नुकसान की राशि बताने की बात कही है।

जिला प्रशासन, उप श्रमायुक्त अरविंद कुमार व जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी की मध्यस्थता से टेल्को गेस्टहाउस में कंपनी प्रबंधन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन व मृतक के आश्रित के बीच देर शाम निर्णायक वार्ता हुई जिसमें स्थायी नौकरी, मुआवजा व उच्चस्तरीय जांच पर सहमति बनी।

इस पूरे घटनाक्रम से एक बार फिर औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों के अधिकार, कर्मचारी सुरक्षा और मृतक के आश्रितों के प्रति प्रबंधन की जवाबदेही को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

जनप्रतिनिधियों के साथ प्रबंधन-यूनियन के सकारात्मक पहल से मृतक के आश्रित के लिए स्थायी नौकरी पर सहमति बनी है। जल्द ही इसका क्रियान्वयन किया जाएगा।

- अरविंद कुमार, उप श्रमायुक्त, जमशेदपुर। 

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में टाटा मोटर्स के सभी गेट बंद, 5000 कर्मचारियों की एंट्री रुकी; कंपनी को करोड़ों का नुकसान

यह भी पढ़ें- आश्रित को स्थायी नौकरी व मुआवजे की मांग पर ठनी: टाटा मोटर्स में दिनभर हंगामा, देर रात दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।