विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आश्रित को स्थायी नौकरी व मुआवजे की मांग पर ठनी: टाटा मोटर्स में दिनभर हंगामा, देर रात दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:19 PM (GMT+05:30)

दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो के परिवार को न्याय, मुआवजा और स्थायी नौकरी की मांग को लेकर टाटा मोटर्स जमशेदपुर में आंदोलन तेज हो गया है। 

कंपनी प्रबंधन के साथ दो दौर की वार्ता विफल होने के बाद सभी सात गेट जाम कर दिए गए, जिसे झामुमो का भी समर्थन मिला है।

कंपनी प्रबंधन के साथ दो दौर की वार्ता विफल होने के बाद सभी सात गेट जाम कर दिए गए, जिसे झामुमो का भी समर्थन मिला है।

HighLights

  1. टाटा मोटर्स के सभी सातों गेटों को आंदोलनकारियों ने जाम किया।

  2. कंपनी प्रबंधन के साथ दो दौर की वार्ता विफल, गतिरोध जारी।

जासं, जमशेदपुर। दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो के परिवार को न्याय, उचित मुआवजा और आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर मंगलवार को टाटा मोटर्स में आंदोलन और तेज हो गया। 
 
कंपनी प्रबंधन के साथ दिनभर चली बातचीत में सहमति नहीं बनने के बाद मजदूर नेता बंटी सिंह के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने कंपनी के सभी सातों गेट जाम कर दिए। 
 
गेट बंद होने से कंपनी में वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई और कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। 
 
हालांकि, कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों की आवाजाही और मालवाहक वाहनों को रोके जाने के बावजूद उत्पादन पर किसी तरह का प्रभाव पड़ने से इनकार किया है।
 

पहले दौर की वार्ता विफल होने पर जाम किए सभी गेट 

मंगलवार को दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो के परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच मांगों को लेकर बातचीत हुई। पहले दौर की वार्ता में दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी और मृतक के स्वजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। 
 
इसके बाद बंटी सिंह के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने कंपनी के सभी सातों गेट पर प्रदर्शन शुरू करते हुए आवागमन पूरी तरह रोक दिया। 
 
आंदोलनकारियों का कहना है कि किसी मजदूर के निधन के बाद उसके परिवार को आर्थिक संकट में नहीं छोड़ा जा सकता; परिवार को न्याय और सम्मानजनक भविष्य मिलना आवश्यक है। 
 

झामुमो ने दिया समर्थन, तीर-धनुष के साथ उतरने की चेतावनी 

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। इस आंदोलन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का भी समर्थन मिल गया है। 
 
झामुमो के जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी प्रबंधन मृतक मजदूर के परिजनों की मांगों को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक पहल नहीं करता है, तो बुधवार से झामुमो कार्यकर्ता पारंपरिक हथियार तीर-धनुष के साथ आंदोलन में उतरेंगे। 
 
उन्होंने प्रबंधन से मृतक के आश्रित को अविलंब नौकरी देने और परिवार की अन्य मांगों पर सहमति जताने की मांग की।
 

देर रात दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा 

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त कार्यपालक दंडाधिकारी रविंद्र की पहल पर परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच दूसरे दौर की वार्ता कराई गई। 
 
प्रशासन का प्रयास था कि संवाद के जरिए गतिरोध को समाप्त किया जाए। लेकिन देर रात दूसरे दौर की बातचीत भी बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। 
 
क्योंकि कंपनी प्रबंधन ने परिजनों की मांगों को मानने से इनकार कर दिया। वार्ता विफल रहने के कारण बुधवार को भी कंपनी गेट जाम रहने की स्थिति बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।