जमशेदपुर में टाटा मोटर्स के सभी गेट बंद, 5000 कर्मचारियों की एंट्री रुकी; कंपनी को करोड़ों का नुकसान
टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में एक कर्मचारी की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के कारण बुधवार को सभी गेट बंद रहे, जिससे लगभग 5000 कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं जा पाए।
HighLights
टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के सभी गेट बंद।
लगभग 5000 कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं जा सके।
कंपनी को उत्पादन में करोड़ों का भारी नुकसान।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में चल रहे आंदोलन का व्यापक असर बुधवार सुबह देखने को मिला, जब 'ए' (A) व जनरल शिफ्ट में किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को अंदर घुसने नहीं दिया गया। इसके कारण लगभग 5,000 मजदूर और अधिकारी वापस घर लौट गए।
टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में पिछले दिनों एक कर्मचारी सुबोध पात्रो दुर्घटना में जख्मी हो गए थे। उनके बेटे सहदेव पात्रो का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने इस घटना को 'इंजरी ऑन ड्यूटी' (Injury on Duty) नहीं दिखाया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया।
नतीजतन, दुर्घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बीते शनिवार की रात 10 बजे टाटा मोटर्स अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इससे नाराज मृतक के परिजनों व मजदूर नेता बंटी सिंह ने रविवार से कंपनी के मुख्य गेट को जाम कर दिया।
अब तक कंपनी के कर्मचारी व अधिकारी दूसरी कंपनी (टेल्कोन) के गेट से आवाजाही कर रहे थे। वे पैदल ही कंपनी स्थित अपने कार्यस्थल से निकलते और बाहर खड़ी बसों में बैठते थे, लेकिन आंदोलनकारियों को इसकी भनक लगने पर उन्होंने बुधवार सुबह उन सभी वैकल्पिक गेटों (कैंटीन गेट व टेल्कोन गेट) को भी बंद कर दिया।
इसके कारण कर्मचारी बस से तो आए, लेकिन अंदर ड्यूटी पर नहीं जा सके। वहीं, जनरल शिफ्ट के अधिकारी भी बैरंग लौट गए क्योंकि उन्हें भी अंदर जाने नहीं दिया गया।
इस गतिरोध से कंपनी प्रबंधन को न सिर्फ उत्पादन का नुकसान हुआ, बल्कि ड्यूटी पर न जा पाने के कारण कर्मचारियों को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।

अब ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों के मन में यह आशंका है कि वे सुबह चार बजे घर से निकले और कंपनी की बस में सवार होकर गेट तक पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया।
घर लौटने के बाद प्रबंधन की ओर से सुबह नौ बजे सूचना दी गई कि स्थिति सामान्य हो गई है, इसलिए सभी कर्मचारी अपनी व्यवस्था करके ड्यूटी पर आ जाएं।
सूचना मिलने पर जब कर्मचारी दोबारा ड्यूटी के लिए निकले और कुछ आधे रास्ते में ही थे, तभी उन्हें फिर से फोन आया कि 'ए' व जनरल शिफ्ट की ड्यूटी रद्द कर दी गई है।
ऐसे में कर्मचारियों को चिंता सता रही है कि उनकी आज की हाजिरी मानी जाएगी या कंपनी प्रबंधन बिना उनका पक्ष जाने इस घटना को 'ब्लॉक क्लोजर' का हवाला देते हुए उनके आधे दिन का वेतन या कैजुअल लीव (CL) काट लेगा। बहरहाल, इस पूरी घटना से कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
सुबह 10 बजे से फिर शुरू हुई वार्ता
कंपनी को हुए भारी नुकसान के बाद प्रबंधन अब बैकफुट पर है। प्रबंधन आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित करने के साथ ही सभी गेटों को जाम मुक्त करने का आग्रह कर रहा है। प्रबंधन का तर्क है कि यदि कंपनी के अंदर कोई दुर्घटना हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी; तब तक गेट खोल दिए जाएं और कर्मचारियों को अंदर आने दिया जाए।
वहीं, मृतक के परिजनों व मजदूर नेता बंटी सिंह का कहना है कि जब दुर्घटना की रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की गई, तो जांच किस बात की होगी? इस मामले में कारखाना निरीक्षक (Factory Inspector) भी पहले जांच कर चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा, इसलिए अब जांच की बात करना बेमानी है।
ऐसे में मृतक के परिजन कंपनी के अंदर हुई दुर्घटना के लिए 1.50 करोड़ रुपये का मुआवजा, मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी तथा पीएफ (PF), सामाजिक सुरक्षा व ग्रेच्युटी मद में आने वाली समस्त राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, जिला प्रशासन की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता जारी है। अब देखना यह है कि इसका क्या नतीजा निकलता है—आश्रित को उचित मुआवजा मिलता है या यह आंदोलन आगे भी जारी रहता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।