ड्यूटी के दौरान घायल हुए टाटा मोटर्स कर्मचारी की मौत पर बवाल, बेटे को नौकरी देने की मांग पर अड़े परिजन, वार्ता रही बेनतीजा
टाटा मोटर्स के कर्मचारी सुबोध पात्रो की ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन इसे 'इंजरी ऑन ड्यूटी' मानकर बेटे को नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं।

ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलने से कर्मचारी कंधे और सिर में गंभीर चोट लगी थी।
HighLights
परिवार 'इंजरी ऑन ड्यूटी' और बेटे के लिए नौकरी मांग रहा।
प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता बेनतीजा समाप्त हुई।
जासं, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत 59 वर्षीय कर्मचारी सुबोध पात्रो की शनिवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स अस्पताल में परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
परिजन उनकी मौत को ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना का परिणाम बताते हुए मामले को 'इंजरी ऑन ड्यूटी' (आइओडी) का दर्जा देने और मृतक के बेटे को नौकरी देने की मांग पर अड़ गए हैं। इस विवाद में मजदूर नेता बंटी सिंह के सक्रिय होने से मामला और गरमा गया है।
छह महीने से आईसीयू में चल रहा था इलाज
टेल्को कॉलोनी के एम-50 निवासी सुबोध पात्रो के परिजनों के अनुसार, 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलने से उनके कंधे और सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने उस समय दुर्घटना को आइओडी के रूप में दर्ज नहीं किया और 18 मार्च को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।
इसके बाद से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों का कहना है कि दुर्घटना के बाद से पिछले करीब छह महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था और वे आईसीयू में भर्ती थे।
विजिटर लाउंज में प्रबंधन और परिजनों की वार्ता रही बेनतीजा
स्थिति को देखते हुए टाटा मोटर्स अस्पताल के विजिटर लाउंज में कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कंपनी के आईआर हेड स्वामित्व राय, टाउन हेड रजत सिंह तथा टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रबंधन की ओर से परिजनों को मिलने वाले सेवानिवृत्ति और पीएफ संबंधी देय लाभों की जानकारी दी गई।
प्रबंधन के अनुसार, सेवानिवृत्ति मद में करीब 72 लाख रुपये और पीएफ मद में कुल 31 लाख रुपये देय बनते हैं। चूंकि पीएफ की राशि में से 26 लाख रुपये पूर्व में निकाले जा चुके हैं।
इसलिए अब पीएफ मद में करीब पांच लाख रुपये ही शेष हैं। इस प्रकार दोनों मदों को मिलाकर परिजनों को कुल करीब 77 लाख रुपये मिलने की जानकारी दी गई।
नौकरी और आइओडी की मांग पर अड़ा परिवार
बैठक में मृतक के बेटे सहदेव पात्रो ने स्पष्ट किया कि परिवार को केवल आर्थिक लाभ नहीं चाहिए, बल्कि इस दुर्घटना को आइओडी के रूप में मान्यता दी जाए और इसके तहत उन्हें नौकरी प्रदान की जाए।
मजदूर नेता बंटी सिंह ने भी प्रबंधन के समक्ष परिजनों का पक्ष मजबूती से रखा। परिजनों का तर्क है कि जब हादसा ड्यूटी के दौरान हुआ था, तो निधन के बाद भी इसे उसी श्रेणी में स्वीकार किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर, कंपनी प्रबंधन का पक्ष है कि सुबोध पात्रो पिछले करीब छह महीने से आईसीयू में भर्ती थे और शुगर संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
शनिवार रात उनका शुगर लेवल गिरकर 30 तक पहुंच गया था, जिसके बाद रात करीब 10 बजे उनका निधन हो गया। प्रबंधन ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
लेकिन आइओडी का दर्जा और बेटे को नौकरी देने की मांग पर सहमति नहीं बन पाने के कारण बैठक बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई।