यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तीन बच्चों का बाप छठी की छात्रा से करता रहा दुष्कर्म, गर्भवती
छठी की छात्रा के साथ यौन शोषण के मामले में तीन बच्चों के पिता को सिदगोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिरसानगर क्षेत्र में रहनी वाली कक्षा छह की छात्रा (12) के साथ यौन शोषण करने के मामले में तीन बच्चों के पिता उदय गागराई को सिदगोड़ा पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। छात्र के बयान पर उदय गागराई के खिलाफ यौन शोषण कर गर्भवती बनाने का आरोप लगाते हुए सिदगोड़ा थाना में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार छात्रा व आरोपी दोनों एक ही मकान मालिक के घर में किराये पर रहते हैं। छात्रा के माता-पिता जब दोनों ड्यूटी के लिए घर से निकल जाते थे तो आरोपी छात्रा के घर में आता था और उसे धमका कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। छात्रा को आरोपी द्वारा धमकी दिया जाता था कि अगर इस बात की जानकारी किसी को हुई तो उसके माता-पिता की वह हत्या कर देगा। आरोपी की धमकी से सहमी छात्रा किसी को कुछ कहे बिना आरोपी के जुल्म सहती थी।
बुधवार को अचानक छात्रा के पेट में दर्द शुरु हुआ तो उसने अपनी मां से कहा। मां उसे डाक्टर के पास ले गई, जहां उसे जानकारी हुई कि उसकी बेटी चार माह की गर्भवती है। इस बात की जानकारी होते ही जब बेटी से उसने पूछना शुरू किया तो पहले बेटी डर से कुछ नहीं बता रही थी, लेकिन जब मां ने प्यार से पूछा तो बेटी ने सारी सच्चाई मां के सामने रख दी। बेटी के मुंह से सच्चाई सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। तब मां व पिता ने इसकी जानकारी सिदगोड़ा पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सहमी छात्रा ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया :
आरोपी का भय इस कदर छात्रा के दिलों दिमाग में था कि वह मां पिता के घर से निकलते ही स्कूल जाने के लिए तैयार होकर घर से निकलना चाहती थी, लेकिन आरोपी उसे स्कूल जाने से भी रोकता था और धमकी दिया करता था। मजबूरी में छात्रा न स्कूल जा पाती थी।
