विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रेमिका से विवाद के बाद झील में कूद गया प्रेमी, जानें; फिर क्या हुआ

By Sachin MishraEdited By:
Published: Fri, 01 Sep 2017 12:11 PM (IST)Updated: Fri, 01 Sep 2017 04:27 PM (IST)

धनबाद में प्रेमिका से विवाद के बाद युवक झील में कूद गया। जानिए, फिर क्या हुआ।

प्रेमिका से विवाद के बाद झील में कूद गया प्रेमी, जानें; फिर क्या हुआ
प्रेमिका से विवाद के बाद झील में कूद गया प्रेमी, जानें; फिर क्या हुआ

संवाद सहयोगी, तोपचांची (धनबाद)। प्रेमिका से विवाद के बाद तोपचांची झील में कूदने वाले पुराना बाजार के व्यवसायी अंकित केजरीवाल का शव गुरुवार को 20 घंटे बाद निकाला गया।

प्रेमिका धनबाद की रहने वाली है लेकिन रांची के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। उसने कुछ ऐसी बात कह दी थी जिसके कारण अंकित ने यह कदम उठा लिया। दोनों में तीन साल पुराना प्रेम संबंध था।

परिजनों का बुरा हाल :

अंकित का शव जैसे ही झील से बाहर आया, उसके जीजा चेतन कुमार और चाचा जयप्रकाश केजरीवाल फफक-फफक कर रोने लगे। वहां मौजूद सभी लोगों की आंखों में आंसू छलक आए। इसकी जानकारी होते ही धनबाद के पुराना बाजार रतनजी रोड स्थित अंकित के आवास और क्षेत्र में मातम पसर गया। परिजनों को लोग ढांढ़स बंधाते रहे।

फोन पर हुआ विवाद 

अंकित की आत्महत्या को लेकर परिजन कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे पर चर्चा है कि बुधवार को तोपचांची से वापसी के दौरान उसका प्रेमिका से फोन पर ही विवाद हो गया था। यह भी चर्चा है कि करीब सप्ताहभर से दोनों में अनबन चल रही थी। लड़की ने उसे फोन पर कुछ कड़ी बात कह दी। इससे आहत अंकित ने कहा कि वह झील के पास से गुजर रहा है। यदि उसने बात नहीं मानी तो पानी में कूदकर जान दे देगा। इसके बाद भी लड़की ने कुछ कड़ी बात कह दी। बस, अंकित झील में कूद गया। 

प्रेमिका ने सहेली को दी जानकारी

थोड़ी देर बाद ही लड़की को अपनी गलती का अहसास हुआ। उसे लगा कि आवेश में अंकित कुछ गलत न कर बैठे। इस कारण उसने अपनी सहेली को यह जानकारी दी। सहेली ने अंकित के परिजनों को इस बारे में बताया जिसके बाद सभी खोजबीन में जुट गए। इस संबंध में तोपचांची के थानेदार लखन राम ने बताया कि यूडी केस दर्ज किया गया है। तहकीकात की जा रही है।


खोजबीन में जुटे थे ग्रामीण

मुखिया विकास कुमार महतो के नेतृत्व में ग्रामीण सुबह से ही झग्गड़ के सहारे अंकित की खोजबीन में जुटे थे। अचानक उसमें शव फंस गया। ग्रामीण जगेश्वर महतो व सुरेश तुरी ने पानी से शव निकाला। शव निकलने के बाद थानेदार लखन राम पहुंचे और पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। (देखें पेज 5)
प्रेमिका से विवाद के बाद तोपचांची झील में कूद गया था अंकित

एक झोंके में बुझ गया इकलौता चिराग

अंकित केजरीवाल की आत्महत्या से परिवार बेहद सदमे में है। अंकित परिवार का एकलौता पुत्र था। दो बहनों का वह इकलौता भाई था। पूरे परिवार की खुशियां उससे जुड़ी थी लेकिन एक झोंके ने केजरीवाल परिवार की खुशियां ध्वस्त कर दी।

चर्चा है कि अंकित पिछले सप्ताह भर से काफी तनाव में था। तनाव को लेकर उसने अपने परिजनों, मित्रों व रिश्तेदारों को भी कोई जानकारी नहीं दी थी, लेकिन उसकी बेचैनी देख सभी लोग भांप चुके थे। अंकित के चचेरे भाई मनोज केजरीवाल ने बताया कि पिछले सप्ताह भर से अंकित किसी बात को लेकर तनाव में था लेकिन घर परिवार में उसने किसी से कोई बात शेयर नहीं की थी। पहले जब भी वह परेशान होता तो इसकी चर्चा घर के लोगों से जरूर करता। लेकिन पहली बार ऐसा हुआ जिसमें उसने किसी से कोई चर्चा नहीं की।

मटकुरिया में अंतिम संस्कार :

गुरुवार को अंकित का अंतिम संस्कार मटकुरिया शमशान घाट में किया गया। मौके पर पुराना बाजार के दर्जनों व्यवसायी मौजूद थे सभी अंकित की मौत को लेकर काफी दुखी थे।

गाड़ी को बैरियर से ही लौटाया :

मनोज ने बताया कि अंकित सामान से भरी गाड़ी लेकर तोपचांची गया था। जीटी रोड़ से तोपचांची झील जाने के रास्ते में माडा का बैरियर है। जहां आने जानेवाले वाहनों से राशि ली जाती है। यहां पर अंकित से एक सौ रुपये मांगे गए। अंकित ने कहा कि गाड़ी की उसे जरूरत नहीं है। इसलिए वह गाड़ी से उतर गया और चालक को गाड़ी लेकर वापस धनबाद जाने को कहा।

नहीं मिला कोई मित्र :

मनोज ने यह भी बताया कि घटना की सूचना पर जब वे लोग तोपचांची झील पहुंचे तो अंकित का कोई मित्र वहां नहीं था। आसपास के लोगों ने भी बताया कि अंकित अकेला था। परिजन भी आश्चर्यचकित हैं कि अंकित ने आत्महत्या क्यों की।

मोबाइल में कैद है अंकित की मौत का राज

अंकित ने झील में कूद कर खुदकुशी क्यों कि इसका राज उसके मोबाइल में कैद है। पुलिस अंकित के मोबाइल का कॉल डिटेल्स निकाल रही है। पुलिस को यकीन है कि मोबाइल कॉल डिटेल्स से कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। झील में कूदने से पूर्व अंकित ने आखिरी कॉल किसके पास किया था। कितनी देर बात हुई है इसका रिकार्ड पुलिस निकाल रही है।

आत्महत्या का कारण ढूंढ़ रही पुलिस : एसएसपी

एसएसपी मनोज रतन चोथे ने बताया कि अंकित ने खुदकुशी क्यों कि इस बिंदु पर छानबीन चल रही है। अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस अंकितके मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल्स निकाल रही है। कॉल डिटेल्स से जानकारी मिलेगी कि उसकी अंतिम बातचीत किसके साथ कितनी देर हुई थी।