जमशेदपुर में आज से रणजी ट्रॉफी का रोमांच, कीनन स्टेडियम में झारखंड और केरल के बीच मुकाबला
जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में 11 अक्टूबर से झारखंड और केरल के बीच रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप का मुकाबला शुरू ...और पढ़ें

कीनन स्टेडियम में झारखंड-केरल का मुकाबला। जागरण
HighLights
रणजी ट्रॉफी में झारखंड-केरल का मुकाबला 11 अक्टूबर से।
विराट सिंह और अनुकूल राय जैसे प्रमुख खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें।
केरल की टीम नए कप्तान विष्णु विनोद और मुख्य कोच स्वप्निल असनोदकर के साथ उतरेगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप के पहले मुकाबले में रविवार से झारखंड और केरल की टीमें आमने-सामने होंगी। जमशेदपुर के ऐतिहासिक कीनन स्टेडियम में 11 से 14 अक्टूबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय मुकाबले के लिए दोनों टीमें कमर कस चुकी हैं।
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के मानद सचिव सौरभ तिवारी और स्कूल, क्लब व संस्थान प्रतिनिधि डी. उमा राव ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने की अपील की है।
पिछले सत्र में शानदार रहा था मेजबान का सफर
झारखंड की टीम अपने पिछले सत्र के शानदार लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पिछले रणजी सत्र में झारखंड ने एलीट ग्रुप में बेहतरीन खेल दिखाते हुए सात मैचों में चार जीत दर्ज की थीं और 31 अंकों के साथ ग्रुप तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
टीम ने उत्तर प्रदेश को पारी और 301 रन के बड़े अंतर से मात दी थी और क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। विराट सिंह और अनुकूल राय जैसे प्रमुख खिलाड़ियों की मौजूदगी में मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेगी।
नए तेवर के साथ वापसी की तलाश में केरल
दूसरी ओर, केरल के लिए पिछला सत्र निराशाजनक रहा था। टीम सात मुकाबलों में मात्र एक जीत दर्ज कर सकी थी और 14 अंकों के साथ अपने ग्रुप में पांचवें पायदान पर रही थी।
हालांकि, इस नए सत्र में केरल की टीम नए कप्तान विष्णु विनोद और नए मुख्य कोच स्वप्निल असनोदकर के मार्गदर्शन में नई ऊर्जा के साथ उतर रही है। टीम में सचिन बेबी और जलज सक्सेना जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जो किसी भी परिस्थिति में मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।
कीनन की पिच पर कड़ी टक्कर के आसार
कीनन स्टेडियम की पिच पर पहले दिन तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, जबकि खेल आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजों और स्पिनरों की भूमिका अहम हो जाएगी। दोनों ही टीमें जीत के साथ सत्र का सकारात्मक आगाज कर पूरे अंक हासिल करना चाहेंगी, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
