मुसाबनी में डायन के संदेह में 2 महिलाओं की हत्या कर दफनाया, 6 दिन बाद पुलिस ने कब्र खोदकर निकाला शव
झारखंड के मुसाबनी में डायन के शक में दो महिलाओं की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शवों को बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। लापता होने की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

संवाद सूत्र, मुसाबनी। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारूलिया पंचायत के श्रीमतडीह गांव में अंधविश्वास में दो महिलाओं की गला दबाकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई।
यह सनसनीखेज मामला सोमवार को प्रकाश आया। जब कब्र खोदकर पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को बरामद किया। बताया जा रहा की डायन के संदेह में दो महिलाओं की हत्या की गई।
पुलिस ने 6 दिन पहले घटित इस घटना का कांड दर्ज होने के 24 घंटे बाद उद्भेदन किया। पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। आरोपियों ने दोनों महिलाओं के शव को गांव के पास जंगल में ही दफना दिया था। जिसे पुलिस ने बाद में खुदवाकर निकाला।
ऐसे खुला घटना का राज
लापता महिला के पुत्र कानू पूर्ति ने सोमवार को मुसाबनी थाना में मां के लापता होने का आवेदन दिया। मुसाबनी थाना में दिए गए आवेदन में उनकी मां पंगेला पूर्ती (48) व गांव की एक अन्य महिला चोको बोदरा (45 ) को दिनांक 14.5.2025 को अपहरण कर हत्या करने की बात कही गई थी।
मुसाबनी पुलिस ने मुसाबनी थाना में कांड संख्या 29/2025, दिनांक 19.5.2025 धारा-140 (1) बीएनएस के तहत अज्ञात पर मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से किया अनुसंधान
मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों ने मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, इंस्पेक्टर संजय जनक मूर्ति के निर्देशन में अनुसंधान शुरू किया।
इस क्रम में गांव के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस की कड़ाई में आरोपितों ने डायन के आरोप में दिनांक 14 मई को गांव में ही दोनों महिला का हत्या कर गांव के पास के जंगल में गड्डा खोदकर शव को गाड़ने की बात स्वीकार किया।
घटना को पांच आरोपितों ने दिया अंजाम
इस सनसनीखेज घटना को अंजाम देने में पांच लोगों शामिल है। जिनमें सांडिर पूर्ति, मांगू हांसदा, डिब्रू हांसदा, सोमा बोदरा व चोरका बोदरा को पुलिस से गिरफ्तार किया। पुलिस ने सोमवार की रात ही लगातार गांव में छापेमारी कर इन पांचों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
इनके निशानदेही पर दोनों महिलाओं के दफनाए गए शव को कब्र से निकाले जाने को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मुसाबनी अंचल अधिकारी हृषिकेश मरांडी की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कर दफनाए गए दोनों महिला के शव को कब्र से खोदकर बाहर निकाला गया। जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर एमजीएम भेजा गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।