झारखंड में कांग्रेस ने बड़े नेता को पार्टी से निकाला, BJP प्रत्याशी के साथ मिलकर काम करने की सामने आई बात
झारखंड में कांग्रेस ने मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष मो. मुस्तकीम को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन का समर्थन किया था। कांग्रेस के पूर्वी सिंहभूम के कार्यकारी ग्रामीण जिलाध्यक्ष अमित राय ने यह कार्रवाई की। नेताओं ने मुस्तकीम के खिलाफ सबूत पेश किए थे जिसके बाद उन्हें पद से हटाया गया।

संवाद सूत्र, घाटशिला। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में काम करने के आरोप में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष मो. मुस्तकीम के विरुद्ध संगठनात्मक कार्रवाई हुई।
कांग्रेस के पूर्वी सिंहभूम के कार्यकारी ग्रामीण जिलाध्यक्ष अमित राय ने मो. मुस्तकीम को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पत्र में कही गई ये बात
ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने मो. मुस्तकीम को दिए पत्र में जिक्र किया कि विगत विधानसभा चुनाव में आपके क्रियाकलाप पार्टी नियमों के खिलाफ रहे हैं।
आपने गठबंधन के प्रत्याशी रामदास सोरेन के विरूद्ध भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में काम किया है। यह बात प्रमाणित है। पार्टी आपको तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए निष्कासित करती है।
इस पत्र की कॉपी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी को भेजी गई है। बता दें कि अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष के विरूद्ध पार्टी के कई नेताओं ने ग्रामीण जिलाध्यक्ष से शिकायत की थी।
भाजपा प्रत्याशी के संग उनके कई फोटो साक्ष्य के तौर पर दिया गया था। जिसके बाद ये कार्रवाई ग्रामीण जिलाध्यक्ष के द्वारा की गई। उक्त संगठनात्मक कार्रवाई की पुष्टि जिला प्रवक्ता शमशेर खान ने की है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।