Jharkhand में पश्चिम बंगाल से हो रही ब्राउन शुगर की तस्करी, सरगना तक पहुंचने में असमर्थ पुलिस
जमशेदपुर जिले के आदित्यपुर में मुस्लिम बस्ती के बाद ब्राउन शुगर का धंधा जमशेदपुर के हर कोने तक फैल गया है। कोई ऐसी जगह नहीं बची जहां इस धंधे से जुड़े ...और पढ़ें

अन्वेश अंबष्ट, जमशेदपुर। झारखंड में जमशेदपुर जिले के आदित्यपुर में मुस्लिम बस्ती के बाद ब्राउन शुगर का धंधा जमशेदपुर के हर कोने तक फैल गया है। कोई ऐसी जगह नहीं बची, जहां इस धंधे से जुड़े लोग सक्रिय नहीं हों।
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर और जमशेदपुर की पुलिस ब्राउन शुगर के धंधे में शामिल लोगों को पकड़ती है। पुड़िया बरामद होती हैं, लेकिन धंधे के सरगना तक दोनों जिले की पहुंच नहीं पा रही है।
जमशेदपुर में गिरफ्तार होने वाले आरोपित पुलिस को बताते हैं कि आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती से नशे की पुड़िया लाकर बेचते हैं।
मंगलवार को हुई थी गिरफ्तारी
ड्रग्स पेडलर डाली परवीन के 19 जुलाई 2020 में गिरफ्तारी के बाद भी उसका धंधा संचालित हो रहा है। बिष्टुपुर के धतकीडीह निवासी आशमा परवीन आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में अपने भाई इमदाद खान के साथ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री मामले में मंगलवार को पकड़ी गई।
तीन लाख रुपये और 616 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किए गए थे। पूछताछ में पता चला कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मोगला ब्राउन शुगर दोनों को उपलब्ध कराता था।
इससे पहले जुगसलाई थाना की पुलिस ने धंधे से जुड़ी महिलाएं समेत बंगाल से नशे की पुड़िया लाकर सप्लाई करने वाले आपूर्तिकर्ता को 16 फरवरी 2021 को जुगसलाई थाना की पुलिस ने 30 लाख कीमत की 400 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
इनमें एक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का हसीउर रहमान भी था। इसके बाद आगे की कार्रवाई नहीं हुई। धंधा शुरू हो गया। धंधा करने वालों ने पैसों के बल पर पूरे शहर को अपने जहर के जाल के फंसा लिया है और धंधे से जुड़े लोग संगठित रूप से काम कर रहे हैं। युवाओं को अपराध की ओर मोड़ रहे हैं और मौत के मुंह में धकेल रहे है।
शहर के इन इलाकों में हो रहा धंधा
शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र कीताडीह गाड़ीवान पट्टी इलाका, संजय नगर तालाब से सटा क्षेत्र, बर्मामाइंस के कैरेज कालोनी, चूना भठ्ठा बस्ती, भक्तिनगर, जुगसलाई में गौरीशंकर रोड, गरीब नवाज कालोनी और खरकई नदी तट से सटे बस्ती क्षेत्र, सीतारामडेरा के छायानगर, कल्याणनगर, चंडीनगर, बस स्टैंड के आस-पास का क्षेत्र, मानगो और आजादनगर के क्षेत्र, सिदगोड़ा के कान्हू भठ्ठा और इसके आस-पास के क्षेत्र, डिमना लेक क्षेत्र, बिष्टुपुर का बाजार इलाका, टेल्को थाना क्षेत्र।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।