यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand: 2029 की तैयारी में जुटे जयराम महतो, बोले- हर कोई चंद्रगुप्त नहीं बन सकता, कुछ को चाणक्य...
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने 2029 के चुनावों में सत्ता हासिल करने के लिए 40 विधायकों का लक्ष्य रखा ...और पढ़ें

HighLights
- जेएलकेएम का लक्ष्य 2029 तक सत्ता में आना |
- 40 विधायकों की रणनीति पर काम शुरू |
- युवाओं को अन्याय के खिलाफ लड़ने का आह्वान |
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने 2029 के चुनाव में सत्ता में आने का स्पष्ट लक्ष्य तय करते हुए 40 विधायकों की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
रविवार को बिष्टुपुर माइकल जॉन सभागार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में डुमरी विधायक व मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने संगठन को जनता के बीच मजबूती से खड़ा करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं और पुराने सहयोगियों की घर वापसी से संगठन को नई ऊर्जा मिली।
सत्ता परिवर्तन जरूरी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि झारखंड की बेहतरी और अधिकारों की रक्षा के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी है, और इसके लिए लोकतांत्रिक तरीके से ताकत हासिल करनी होगी।
उन्होंने कहा कि 2029 तक राज्य की सत्ता में भागीदारी का लक्ष्य लेकर हम सबको जुटना होगा, जिसके लिए कम से कम 40 विधायकों का गठन जरूरी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर कोई चुनाव लड़कर चंद्रगुप्त नहीं बन सकता, कुछ लोगों को चाणक्य बनकर संगठन की रणनीति में नेतृत्व करना होगा।
सभी को टिकट मिलना संभव नहीं
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन से जुड़ने वाले सभी लोगों को टिकट मिलना संभव नहीं है, लेकिन हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में जनता की समस्याओं के समाधान में लगे रहना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने 'हम दो, हमारे चार' का नया नारा देते हुए कहा कि समाज को मजबूत करने के लिए दो बच्चों को विद्रोही बनाना जरूरी है, ऐसे विद्रोही जो अन्याय के खिलाफ लड़ सकें, जल-जंगल-जमीन की रक्षा कर सकें।
लोगों के अधिकारों को छीन रही कंपनियां
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान जयराम महतो ने देश में कॉरपोरेट घरानों के बढ़ते दखल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भले ही ईस्ट इंडिया कंपनी भारत छोड़ गई हो, लेकिन उसका स्वरूप टाटा, बीसीसीएल और सेल जैसी कंपनियों के रूप में आज भी मौजूद है। ये कंपनियां स्थानीय लोगों को अधिकारों से वंचित कर रही हैं और बेबसी की स्थिति पैदा कर रही हैं।
पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड को बने 25 साल हो गए लेकिन अब तक विस्थापन, नियोजन, रोजगार और पुनर्वास के लिए कोई ठोस नीति नहीं बन सकी। उन्होंने कहा कि अब मोर्चा पूरे राज्य में व्यापक जन आंदोलन छेड़ेगा।
उन्होंने भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की और युवाओं से बदलाव की लड़ाई में शामिल होने की अपील की।
मानिक महतो ने की वापसी
सम्मेलन में कई पुराने सहयोगियों और नए युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली। जमशेदपुर न्यायालय के अधिवक्ता मानिक महतो, जो जेएलकेएम की स्थापना से जुड़े रहे और कुछ समय से अलग हो गए थे, अब फिर से संगठन में लौट आए। मंच पर उनकी घर वापसी का जयराम महतो ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
