ये गलती आप धोखे से भी नहीं करें, बन सकते बहरा
खुद ईयरबड से कान साफ करना आपको महंगा पड़ सकता है। आप बहरे बन सकते हैं। ईयरबड कान के पर्दे से टकराएगा और पर्दा फट जाएगा।
जमशेदपुर, [अमित तिवारी] । खुद ईयरबड से कान साफ करना आपको महंगा पड़ सकता है। आप बहरे बन सकते हैं। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी नीतीश कुमार (14) के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। वह ईयरबड कॉटन (रुई के स्टिक) से अपना कान साफ कर रहा था, तभी अनजाने में ईयरबड कान के पर्दे से जा टकराया और पर्दा फट गया। इसके बाद उसे कम सुनाई देने लगा और कान से पानी बहने लगा।
जब परेशानी ज्यादा बढ़ने लगी तो परिजन उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि कान का पर्दा फट गया है। नीतीश के कान में मैल बैठ जाने के कारण उसे बार-बार खुजली होती थी। इस कारण से वह ईयरबड का इस्तेमाल करता था। नीतिश का इलाज टीएमएच में चल रहा है। दवा दी गई है। डाक्टरों के मुताबिक वह दवा से ठीक नहीं हुआ तो सर्जरी करनी पड़ेगी। शहर के अधिकांश लोग कान की गंदगी (मैला) साफ करने के लिए ईयरबड का इस्तेमाल करते हैं, जो कभी भी खतरनाक साबित हो सकता है।
बार-बार खोदने से कान की नसें होती प्रभावित
ईयरबड या रुई से कान साफ करने को हम बिल्कुल मामूली बात समझते हैं, लेकिन बार-बार कान साफ करने से कान के अंदर की नसें प्रभावित हो सकती हैं और पर्दा भी फट सकता है। वहीं मैल बाहर निकलने की बजाय अंदर चला जाता है और कान पूरी तरह से बंद हो जाता है।
कान के पर्दे फटने से होता इंफेक्शन
कान का पर्दा फटने से दो तरह का इंफेक्शन होता है। इसमें कान के पर्दे में छेद से इंफेक्शन और पर्दे के साथ-साथ मध्य कान की हड्डी भी संक्रमित हो जाती है। कान और ब्रेन के बीच एक पतली सी हड्डी होती है। जब पर्दे के किनारे पर सुराख होता है तब इंफेक्शन रक्त वाहिनियों के रास्ते मस्तिष्क, उसे घेरने वाली झिल्ली, फेशियल नर्व तथा आंतरिक सतह तक पहुंच सकता है।
खतरनाक है ईयरबड
- ईयरबड से कई बार मैल बाहर निकलने के बजाए अंदर चला जाता है। इससे कम सुनाई देना, कान में सीटी बजने जैसी परेशानी हो सकती है।
- कान का पर्दा काफी नाजुक होता है। ऐसा में ईयरबड जैसी कोमल चीज भी उसे नुकसान पहुंचा रहा है। इससे कान के अंदर की स्किन भी छिल जाती है।
- ईयरबड की रूई कान के अंदर रह जाने से नहाने के दौरान कान में गया पानी रुई सोख लेती है और फंगल इंफेक्शन हो जाता है।
- पुराने और गंदे ईयरबड से मैल निकालने की कोशिश में कान में गंदगी जा सकती है। इससे इंफेक्शन हो सकता है।
सिर्फ डॉक्टर से दिखाएं
कभी भी ईयरबड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे पर्दा फटने के साथ-साथ इंसान बहरा भी हो सकता है। कान में मैला बैठ जाए या फिर खुजली हो तो डॉक्टर से दिखाना चाहिए।
- डॉ. अजय गुप्ता, ईएनटी रोग विशेषज्ञ, टीएमएच।