यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गैंगस्टर अखिलेश के पिता चंद्रगुप्त पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
कुख्यात अखिलेश सिंह के पिता चंद्रगुप्त पर अपराधियों ने फायरिंग की। घटना धनबाद की है।

जासं, जमशेदपुर। कुख्यात अखिलेश सिंह के पिता सह पुलिस एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री चंद्रगुप्त सिंह की हत्या करने की नीयत से बाइक सवार चार अपराधियों ने सोमवार शाम ताबड़तोड़ फायरिंग की।
फायरिंग में बिरसानगर निवासी सह टाटा स्टील से सेवानिवृत कर्मचारी प्रफुल्ल कुमार महतो जख्मी हो गए। उनके दाहिने पांव में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
वहीं, इस घटना में चंद्रगुप्त सिंह से निजी अंगरक्षक रवि सिंह ने भी अपराधियों पर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि गोलियां अपराधियों को नहीं लगी है। फायरिंग के दौरान चंद्रगुप्त सिंह ने भी अपराधियों पर कुर्सी फेंकी। घटना स्थल से सिदगोड़ा पुलिस ने दो मैगजीन व एक खोखा बरामद किया है।
एसएसपी अनूप टी मैथ्यू, सिटी एसपी प्रशांत आनन्द सहित डीएसपी व पुलिस पदाधिकारी ने मौके पर पहुंच कर चंद्रगुप्त सिंह से पूछताछ की। बताया गया कि बाइक सवार अपराधियों ने छह राउंड फायरिंग की।
ऐसे हुई घटना :
सिदगोड़ा क्रास रोड नबंर 28 निवासी चंद्रगुप्त सिंह प्रतिदिन के तरह घर के पास सोमवार शाम बैठे थे। उनके साथ 10-12 लोग भी बैठे थे। चंद्रगुप्त सिंह के बगल में बिरसानगर निवासी सह सिदगोड़ा 28 नंबर पूजा कमेटी के अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार महतो बैठे थे। अचानक दो बाइक से चार युवक आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए फायरिंग से चंद्रगुप्त सिंह सहित वहां बैठे लोगों में भगदड़ मच गई।
वे जान बचा कर इधर उधर भागने लगे। इसी क्रम में एक गोली प्रफुल्ल कुमार के पांव में लगी और वह जमीन पर गिर गए। फायरिंग के बाद मौके से अपराधी फरार हो गए। सिदगोड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को टीएमएच में भर्ती कराया। उधर इस घटना के विरोध में मंगलवार को जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र आजसू पार्टी ने बंद का आह्वान किया है।
जानिए, किसने क्या कहा
चंद्रगुप्त सिंह अपने घर के समीप लोगों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइक में चार युवक आये और छह राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें प्रफुल्ल कुमार के पांव में गोली लग गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोली चलाने वालों का अभी पता नहीं चला है। कारण भी पता लगाया जा रहा है।
- केएन मिश्र डीएसपी
---
मुझे नहीं चंद्रगुप्त सिंह को मारने आये थे बाइक में सवार युवक। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं। अचानक बाइक से आए और फायरिंग करने लगे। जान बचा कर भागने के दौरान मुङो पांव में गोली लग गई।
- प्रफुल्ल कुमार महतो, घायल
---
यह भी पढ़ेंः आबरू बचाने के लिए हैवानों से भिड़ी नाबालिग, तालाब में कूदी
