Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के नए सिविल सर्जन बने डॉ. एके लाल, जानिए इनका सफरनामा
Jamshedpur News. सिंहभूम जिले के नए प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. एके लाल को बनाया गया है। इसे लेकर बुधवार को सरकार के अवर सचिव प्रभुनाथ शर्मा ने अधिसूचना जारी की। डॉ. एके लाल की पहचान एक ईमानदार व तेज-तरार पदाधिकारी के रूप में होती है।

जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले के नए प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. एके लाल को बनाया गया है। इसे लेकर बुधवार को सरकार के अवर सचिव प्रभुनाथ शर्मा ने अधिसूचना जारी की। इसमें कहा गया है कि चिकित्सा पदाधिकारी, सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के पद पर पदस्थापित डॉ. एके लाल को अगले आदेश तक सिविल सर्जन का अतिरिक्त प्रभार दिया जाता है।
डॉ. लाल को झारखंड कोषागार संहिता-2016 के नियम 87 के तहत सिविल सर्जन कार्यालय का निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी भी घोषित किया जाता है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। डॉ. एके लाल फिलहाल प्रभारी सिविल सर्जन थे लेकिन उनको वित्तीय अधिकार नहीं था। अब विभाग के तरफ से उनको यह आदेश मिल चुका है। पूर्व प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आरएन झा की तबीयत खराब होने की वजह से उन्होंने डॉ. एके लाल को प्रभार सौंपकर छुट्टी पर चले गए हैं।
सबके सहयोग से जिला को बनाएंगे नंबर वन
अधिसूचना जारी होने के बाद डॉ. एके लाल को सिविल सर्जन का चार्ज देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। थोड़ी ही देर में वह चार्ज ले लेंगे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विभाग ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसपर वे शत फीसद खड़ा उतरने का प्रयास करेंगे। इसके लिए सबका सहयोग जरूरी है। कर्मचारी से लेकर सभी प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी व जिले में तैनात अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मीना कंडुलना, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. बीएन उषा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एबीके बाखला सहित सभी का सहयोग की अपेक्षा है। सबकी मेहनत, लगन व ईमानदारी से पूर्वी सिंहभूम जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर बनाना है। इसका संकल्प हम सभी को लेना होगा।
सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने का लक्ष्य
डॉ. एके लाल के पास जिला स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी), राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम व गैर संचारी रोग कार्यक्रम का भी प्रभार है। ऐसे में उनको एक बड़ी जिम्मेवारी सौंपी गई है। डॉ. एके लाल ने कहा कि सभी योजनाओं को समय से पूर्व धरातल पर उतारने की उनकी कोशिश होगी।
फिल्ड में जाकर देखते हैं कार्य
डॉ. एके लाल की पहचान एक ईमानदार व तेज-तरार पदाधिकारी के रूप में होती है। उनके कार्य करने के अंदाज भी बिल्कुल अलग है। वह फिल्ड में घूमकर हकीकत से अवगत होना अधिक पसंद करते हैं। ऐसे में उनसे कोई कर्मचारी हवा-हवाई बात या फिर झूठ नहीं बोल सकता है।
बधाई देने वालों का लगा तांता
नए सिविल सर्जन का अधिसूचना जारी होने के बाद डॉ. एके लाल को बधाने देने वालों की तांता लग गई। इसमें कर्मचारी से लेकर पदाधिकारी तक शामिल हैं। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल ने फोन कर उनको बधाई दिया। काम करने के मामले में डॉ. एके लाल व डॉ. शाहिर पाल की जोड़ बेहतर मानी जाती है। सदर अस्पताल को झारखंड के नंबर वन अस्पताल का खिताब दिलाने में इन दोनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इधर, एक माह से जिले के लगभग 600 कर्मचारियों का वेतन भी रुका था जो अब मिल जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।