विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवात 'अकवान' ने बिगाड़ा रेलवे का गणित! टाटा-ब्रह्मपुर वंदे भारत समेत कई ट्रेनें रद; दो ट्रेनों को मिली राहत

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:28 PM (IST)

चक्रवात अकवान के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनें रद और पुनर्निर्धारित की थीं। हालांकि, बाद में संशोधित आदेश से टाटा-ब्रह्मपुर वंदे भारत और पुरी-बड़बिल एक्सप्रेस को राहत मिली, जबकि कुछ अन्य ट्रेनें प्रभावित रहीं।

चक्रवात अकवान के कारण कई ट्रेनें प्रभावित। (फोटो- जागरण आर्काइव)

चक्रवात अकवान के कारण कई ट्रेनें प्रभावित। (फोटो- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान के कारण कई ट्रेनें रद व पुनर्निर्धारित हुईं।

  2. टाटा-ब्रह्मपुर वंदे भारत और पुरी-बड़बिल एक्सप्रेस को राहत मिली।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चक्रवात अकवान के प्रभाव को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन को रद और पुनर्निर्धारित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, रेलवे ने बाद में संशोधित आदेश जारी कर टाटा-ब्रह्मपुर-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस और पुरी-बड़बिल-पुरी एक्सप्रेस के यात्रियों को राहत दी है। ये ट्रेनें अब निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी।

रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को चलने वाली 20891/20892 टाटा-ब्रह्मपुर-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस को रद करने की घोषणा की गई थी। इसी तरह 20 और 21 नवंबर को 18415/18416 बड़बिल-पुरी-बड़बिल एक्सप्रेस का परिचालन भी रद किया गया था।

हालांकि, पूर्व तट रेलवे की ओर से जानकारी मिलने के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे ने संशोधित आदेश जारी किया। इसमें स्पष्ट किया गया कि 21 नवंबर को 20892 ब्रह्मपुर-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय पर चलेगी। इसके अनुरूप 20891 टाटानगर-ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का भी परिचालन 21 नवंबर को सामान्य रहेगा। वहीं, 20 और 21 नवंबर को 18415/18416 पुरी-बड़बिल-पुरी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय पर चलेगी। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

इन ट्रेनों का परिचालन रहेगा प्रभावित

चक्रवात के कारण 20 नवंबर को 22895/22896 हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, 68441 जलेश्वर-पुरी मेमू तथा टाटानगर-बड़बिल-टाटानगर की तीन जोड़ी मेमू ट्रेनें रद रहेंगी। इसके अलावा बालेश्वर-गोपालपुर-बालेश्वर की तीन जोड़ी मेमू ट्रेनें भी नहीं चलेंगी।

वहीं, 19 नवंबर को 12881 शालीमार-पुरी एक्सप्रेस और 18017 वजीरपुर-पुरी एक्सप्रेस तथा 20 नवंबर को 18401 बरहामपुर-पुरी एक्सप्रेस रद की गई थी।

दो ट्रेनों के समय में बदलाव

रेलवे ने दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। 19 नवंबर को चलने वाली 12837 हावड़ा-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पुनर्निर्धारित कर 20 नवंबर की सुबह 2:30 बजे रवाना करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, 19 नवंबर को चलने वाली 18451 हटिया-पुरी एक्सप्रेस अब दोपहर 2:30 बजे के बजाय रात 8:30 बजे रवाना होगी।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा, नोटिस बोर्ड, एसएमएस और अन्य माध्यमों से संशोधित सूचना प्रसारित करने का निर्देश दिया है। 

यह भी पढ़ें- त्योहार बीतने के बाद भी रेलवे ने चलाईं तीन स्पेशल ट्रेनें, गोंडा में भी होगा ठहराव

यह भी पढ़ें- 'अकवान' आज ओडिशा से टकराएगा: 3 लाख लोगों का रेस्क्यू, 47 ट्रेनें कैंसिल; 941 गांवों में लैंडस्लाइड का खतरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।