साइकिल से नाप दिया अफ्रीका के खतरनाक रेगिस्तान और पहाड़, 25 देशों का सफर तय कर गांव लौटे अक्षय भगत
अक्षय भगत, जिन्हें 'साइकिल मैन' के नाम से जाना जाता है, अफ्रीका के कई देशों की साइकिल यात्रा पूरी कर अपने गृह नगर पुरुलिया लौट आए हैं।

अक्षय भगत अफ्रीका से बंगाल का सफर। फोटो जागरण
HighLights
अफ्रीका के कई देशों की साइकिल यात्रा पूरी की।
बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कालाहारी रेगिस्तान और मून माउंटेन को साइकिल से पार किया।
तापस कुइरी, बाघमुंडी। अफ्रीका महाद्वीप के कई देशों की साइकिल यात्रा पूरी कर आखिरकार पुरुलिया लौट आए 'साइकिल मैन' के नाम से मशहूर अक्षय भगत।
बाघमुंडी प्रखंड के बुड़दा गांव निवासी अक्षय छह महीने के लंबे विदेश दौरे के बाद कोलकाता होते हुए हाल ही में अपने घर पहुंचे।
गांव के इस लाल की असाधारण उपलब्धि से बुड़दा समेत आसपास के इलाकों में खुशी और गर्व का माहौल है। अपने चहेते युवक की घर वापसी पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बाल विवाह के खिलाफ शुरू की थी यात्रा
बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सामाजिक संदेश देने के उद्देश्य से अक्षय ने कुछ वर्ष पहले साइकिल यात्रा शुरू की थी।
अपने दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस के बल पर उन्होंने धीरे-धीरे देश की सीमाओं को पार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
हाल ही में छह महीने के अफ्रीका दौरे के दौरान उन्होंने युगांडा, तंजानिया, जिम्बाब्वे, रवांडा और इथियोपिया समेत कई देशों की यात्रा की।
इस दौरान उन्होंने रोमांच के जुनून में दुर्गम कालाहारी रेगिस्तान और मून माउंटेन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी साइकिल से पार किया।
25 देशों की कर चुकें हैं यात्रा
अफ्रीका से पहले भी अक्षय चीन, रूस, श्रीलंका, थाईलैंड, मंगोलिया, बांग्लादेश और अफगानिस्तान समेत दुनिया के विभिन्न देशों की साइकिल यात्रा कर चुके हैं।
अब तक वह कुल 25 देशों की यात्रा साइकिल से पूरी कर चुके हैं। अनजान जगहों को करीब से जानने और अलग-अलग देशों की संस्कृति एवं परंपराओं को समझने का जुनून ही उनकी इस लंबी यात्रा की सबसे बड़ी प्रेरणा है। विदेशों में भारतीय संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को भी उन्होंने लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
छह महीने तक विदेशी धरती पर विभिन्न चुनौतियों और कठिन रास्तों का सामना करने के बाद अक्षय के सकुशल गांव लौटने से परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
जंगलमहल के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले अक्षय की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
यह भी पढ़ें- स्पोर्ट्स क्लब के रूप में विकसित होगा रांची का मोरहाबादी स्टेडियम, ढाई करोड़ से बनेगा मॉडर्न जिम
यह भी पढ़ें- खनिज सेस और SIR पर मोदी सरकार को घेरने की तैयारी, झारखंड विधानसभा में पेश होगा अहम प्रस्ताव