विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्पोर्ट्स क्लब के रूप में विकसित होगा रांची का मोरहाबादी स्टेडियम, ढाई करोड़ से बनेगा मॉडर्न जिम 

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:24 AM (IST)

मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को अब आधुनिक स्पोर्ट्स क्लब के रूप में विकसित किया जाएगा।  

मोरहाबादी स्टेडियम। सौ.- jharkhandsports

मोरहाबादी स्टेडियम। सौ.- jharkhandsports

HighLights

  1. बिरसा मुंडा स्टेडियम बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स क्लब।

  2. झारखंड का सबसे आधुनिक जिम होगा स्थापित।

  3. जिमखाना की तर्ज पर मिलेगी सदस्यता सुविधा।

आदिल हसन, रांची। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबाल स्टेडियम की पहचान अब केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगी। इसे आधुनिक स्पोर्ट्स क्लब के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है।

इस योजना के तहत स्टेडियम परिसर में झारखंड का सबसे आधुनिक जिम बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

खास बात यह है कि जिम और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जिमखाना, रांची क्लब और क्रिकेट कंट्री क्लब (जेएससीए) की तर्ज पर मेम्बरशिप शुल्क निर्धारित किया जाएगा। यानी यहां सुविधाओं का लाभ लेने के लिए सदस्यता लेनी होगी।

जिम में अत्याधुनिक फिटनेस मशीनों के साथ व्यायाम और शारीरिक क्षमता बढ़ाने से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। स्टेडियम को क्लब का स्वरूप देने के लिए जिम के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

परिसर में रेस्टोरेंट, इंडोर कोर्ट और बड़ा स्वीमिंग पूल बनाने का प्रस्ताव है। इंडोर कोर्ट में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, पिकल बाल सहित अन्य खेलों की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।

खेल-फिटनेस और मनोरंजन का एक ही परिसर में मिलेगा विकल्प

इस योजना का उद्देश्य मोरहाबादी स्टेडियम को ऐसे केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां खेल, फिटनेस और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हों।

अभी स्टेडियम का उपयोग मुख्य रूप से खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के लिए किया जाता है। नई सुविधाएं विकसित होने के बाद इसकी उपयोगिता बढ़ने की उम्मीद है। इससे खिलाड़ियों के साथ शहर के फिटनेस प्रेमियों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

हालांकि, सदस्यता शुल्क की राशि, मेम्बरशिप की श्रेणियां, सुविधाओं के उपयोग की शर्तें और संचालन की जिम्मेदारी तय होना बाकी है।

यह भी स्पष्ट होना है कि सदस्यता आम लोगों के लिए किस प्रकार उपलब्ध होगी। योजना धरातल पर उतरती है तो मोरहाबादी स्टेडियम रांची में खेल और फिटनेस के साथ क्लब संस्कृति का नया केंद्र बन सकता है।

यह भी पढ़ें- झारखंड विधानसभा विशेष सत्र: MMDR और SIR के मुद्दे पर हंगामे के आसार, BJP ने बनाया सरकार से निपटने का प्लान 



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।