Jharkhand: कांग्रेस में नए जिलाध्यक्ष के लिए जारी है मंथन, बंद कमरे में एक-एक कर कार्यकर्ताओं से ली गई राय
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की तलाश जारी है। एआईसीसी के निर्देश पर संगठन सृजन अभियान चल रहा है। बारीडीह में गोलमुरी और बिरसानगर प्रखंड के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में नए अध्यक्ष के नाम पर रायशुमारी की गई। पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी राय जानी और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की तलाश तेज हो गई है। इसके लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश पर संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में, शुक्रवार को बारीडीह स्थित कांग्रेस कार्यालय में गोलमुरी और बिरसानगर प्रखंड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें नए अध्यक्ष के नाम पर रायशुमारी की गई।
बैठक में गुजरात से आए एआईसीसी पर्यवेक्षक और विधायक अनंत पटेल मौजूद रहे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी और सुंदरी तिर्की भी शामिल हुए।
बंद कमरे में की गई मुलाकात
पर्यवेक्षकों ने प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जोन अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं से बंद कमरे में एक-एक कर मुलाकात की। इस दौरान सभी ने अपनी पसंद के उम्मीदवार और संगठन को लेकर अपने विचार खुलकर रखे। यह प्रक्रिया पिछले छह दिनों से जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रही है।
इस मौके पर अनंत पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाना हम सभी का लक्ष्य है। उन्होंने राहुल गांधी के संघर्षों का जिक्र करते हुए भाजपा की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन करने का आह्वान किया।
वहीं, पीसीसी पर्यवेक्षकों ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं के लिए बड़े सम्मान की बात है कि केंद्रीय नेतृत्व सीधे उन तक पहुंचकर उनकी राय ले रहा है।
बैठक में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, मनोहर सिंह, राजकिशोर यादव, अतुल गुप्ता, संजय घोष समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का प्रबंधन जिला कार्यालय प्रभारी संजय सिंह आजाद ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।