Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Archery Premier League: आर्चरी प्रीमियर लीग में झारखंड के सितारे बिखेरेंगे जलवा, दीपिका-अतनु और अंकिता पर निगाहें

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 06:52 AM (IST)

    आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) का शुभारंभ नई दिल्ली में हुआ जिसका उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच देना है। अर्जुन मुंडा ने लीग की शुरुआत की जिसमें दीपिका कुमारी अतनु दास और अंकिता भकत जैसे तीरंदाज भाग ले रहे हैं। इस लीग में 48 तीरंदाज छह टीमों में विभाजित हैं जिसमें विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। राम चरण को लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

    Hero Image
    आर्चरी प्रीमियर लीग में झारखंड के सितारों का जलवा। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। देश में तीरंदाजी (आर्चरी) को एक नई ऊंचाई देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) का भव्य आगाज हो गया है।

    नई दिल्ली में आयोजित एक शानदार कार्यक्रम में भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने इस लीग की शुरुआत की।

    इस लीग में झारखंड के ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी, अतनु दास और अंकिता भकत भी अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों से अपनी चुनौती पेश करेंगे, जिन पर पूरे देश की निगाहें टिकी रहेंगी।

    लीग के उद्घाटन संस्करण में देश-विदेश के कुल 48 तीरंदाजों को छह फ्रेंचाइजी टीमों में बांटा गया है। इनमें 36 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। झारखंड की अपनी टीम को 'चेरो आर्चर्स' नाम दिया गया है, जिसने राज्य के गौरव और अनुभवी ओलंपियन अतनु दास को अपनी टीम में शामिल किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, राज्य की अन्य अंतरराष्ट्रीय सितारा और ओलंपियन दीपिका कुमारी को 'चोला चीफ्स' (तमिलनाडु) ने अपनी टीम का हिस्सा बनाया है, जहां वह पांच बार के ओलंपिक पदक विजेता अमेरिका के ब्रैडी एलिसन और ओलंपियन तरुणदीप राय जैसे दिग्गजों के साथ खेलेंगी।

    इसी तरह, टोक्यो ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकीं अंकिता भकत 'राजपुताना रायल्स' (राजस्थान) की ओर से चुनौती पेश करेंगी। उनकी टीम में भी टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता तुर्की के मेते गजोज जैसा बड़ा नाम शामिल है, जो लीग की प्रतिस्पर्धा को और कड़ा बनाता है।

    प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

    भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने इस अवसर पर कहा कि भारत में पहली बार हो रही यह लीग देश की छिपी हुई प्रतिभाओं को विश्व स्तरीय मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य तीरंदाजी को भारत के साथ-साथ दुनियाभर में लोकप्रिय बनाना है।

    देश के ग्रामीण क्षेत्रों में काफी प्रतिभाएं हैं, जिन्हें इस लीग से आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। मुंडा ने यह भी बताया कि 2028 और 2032 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के लिए एक विदेशी कोच की भी नियुक्ति की जाएगी।

    विदेशी खिलाड़ियों से बढ़ेगा रोमांच

    इस लीग में दुनिया के नंबर एक रिकर्व तीरंदाज अमेरिका के ब्रैडी एलिसन और कंपाउंड तीरंदाज मेक्सिको की एंड्रिया बेसेरा समेत कई अंतरराष्ट्रीय सितारे भी हिस्सा ले रहे हैं। एएआई के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलने से भारतीय तीरंदाजों को बहुत कुछ सीखने और प्रेरणा मिलेगी।

    यह लीग खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर है और इससे देश में खेल का स्तर और ऊपर उठेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेल दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि अब केवल ओलंपिक पदक ही हमारा लक्ष्य है।

    लीग का रोमांच बढ़ाने के लिए लोकप्रिय भारतीय अभिनेता राम चरण को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। लीग का उद्घाटन समारोह दो अक्टूबर को दशहरे के दिन दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा, जो इसे और भी भव्य बनाएगा।

    उम्मीद है कि इस लीग से न केवल खिलाड़ियों को आर्थिक और तकनीकी रूप से फायदा होगा, बल्कि देश में तीरंदाजी के प्रति लोगों का रुझान भी तेजी से बढ़ेगा।