Jharkhand Weather: झारखंड में बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर, आज फिर 8 जिलों के लिए अलर्ट
Jharkhand Weather झारखंड में आज फिर से बारिश होने वाली है। मौसम विभाग इसे लेकर लगातार चेतावनी जारी कर रहा है। बता दें बीते दिन मौसम विभाग ने 6 दिन लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया था। लोगों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया था। वहीं इस बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। कई जगह फसल बर्बाद हुई है।

जागरण टीम, रांची/हजारीबाग। Jharkhand Weather: झारखंड में आज फिर से बारिश होने वाली है। मौसम विभाग इसे लेकर लगातार चेतावनी जारी कर रहा है। बता दें बीते दिन मौसम विभाग ने 6 दिन लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया था।
लोगों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया था। वहीं इस बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। कई जगह फसल बर्बाद होने की खबर सामने आ रही है।
झारखंड के इन 7 जिलों में आज भी भारी बारिश के आसार
साहिबगंज, गोड्डा, रांची, लोहरदगा, गुमला, पाकुड़ और बोकारो में ओले गिरने के साथ तेज आंधी-तूफान और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों से बेवजह घर से बाहर निकलने से मना किया गया है। लोगों को पेड़ के नीचे ठहरने से परहेज करने के लिए कहा गया है।
हजारीबाग में भी तेज आंधी-तूफान ने किसानों को पहुंचाया नुकसान
वहीं हजारीबाग में दोपहर अचानक आए आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और मूसलधार बारिश ने किसानों पर कहर बरपाया। इस अप्रत्याशित प्राकृतिक आपदा से दारु प्रखंड के दर्जनों किसानों को करीब 1 करोड़ रुपये की फसलों का नुकसान हुआ है। तरबूज, खीरा, गेहूं, टमाटर, करैला, भिंडी, लहसुन और प्याज जैसी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं, जिससे किसान बुरी तरह से आहत और संकट में हैं।
प्रभावित किसानों ने शुक्रवार को अंचलाधिकारी रामबालक कुमार को आवेदन सौंपते हुए तत्काल मुआवजे की मांग की। इरगा निवासी विकास कुमार ने बताया कि उन्होंने बैंक और महाजन से कर्ज लेकर 15 एकड़ में तरबूज की खेती की थी, जो अब पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।
इन किसानों को हुई क्षति
उनका दावा है कि उन्हें लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विकास ने कहा कि यदि उसे सरकारी मदद नहीं मिली तो वह आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो सकता है। पेटो निवासी मनमोहन प्रसाद की पांच एकड़ में लगे गेहूं और खीरा की फसल करीब 3 लाख रुपये की बर्बाद हो गई, वहीं छोटका इरगा निवासी हरी साव का चावल, महुआ और भुसा पानी में भीग कर खराब हो गया, जिससे उन्हें 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दारू बासोबार, जबरा, बड़वार और अन्य गांवों के दसरथ प्रसाद, जगदीश महतो, नरेश सिंह, महेंद्र सिंह, कृष्णा कुमार, लखन महतो, रामिजा खातून, अजमेरी खातून, गंदौरी महतो सहित दर्जनों किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं।
बासोबार निवासी भतू सिंह की 15 बकरियों की मौत वज्रपात और बारिश की वजह से हो गई। अंचलाधिकारी रामबालक कुमार ने कहा कि किसानों को हुए नुकसान पर उन्हें गहरी संवेदना है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे शीघ्र अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करें, ताकि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जिला कार्यालय भेजी जा सके और उन्हें यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मौसम खराब होने से कई विमान देरी से पहुंचा
मौसम खराब होने के कारण रद रहा दिल्ली-रांची विमान जागरण संवाददाता, रांची : मौसम खराब होने के कारण शुक्रवार को दिल्ली-रांची विमान (6ई 5023) रद रहा। वहीं, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रांची-दिल्ली विमान (6ई 2286) ने तीन घंटे, रांची-दिल्ली विमान (आइएक्स 1200) ने दो घंटे 42 मिनट, रांची-दिल्ली विमान (आइएक्स 1114) ने एक घंटे 31 मिनट, रांची-दिल्ली विमान (आइएक्स 1103) ने एक घंटे 29 मिनट, रांची-दिल्ली विमान (6ई 2219) ने एक घंटे 11 मिनट देरी से पहुंचा।
इसके अलावा रांची-दिल्ली विमान (6ई 5062) ने 48 मिनट, रांची-दिल्ली विमान (आइएक्स 1117) ने 41 मिनट, रांची-कोलकाता विमान (6ई 6893) ने 29 मिनट, रांची-बेंगलुरु विमान (आइएक्स 2708) ने 28 मिनट, रांची-पटना विमान (6ई 925) ने 27 मिनट, रांची-पुणे विमान (6ई 6272) ने 26 मिनट व रांची-मुंबई विमान (आइएक्स 1238) ने 20 मिनट विलंब से उड़ान भरी।
इधर, दिल्ली-रांची विमान (6ई 2614) एक घंटे 47 मिनट, दिल्ली-रांची विमान (आइएक्स 1199) एक घंटे 30 मिनट, दिल्ली-रांची विमान (आइएक्स 1102) एक घंटे पांच मिनट, दिल्ली-रांची विमान (आइएक्स 1113) 37 मिनट, बेंगलुरु-रांची विमान (6ई 221) 23 मिनट व कोलकाता-रांची विमान (6ई 6152) 16 मिनट विलंब से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।