विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 वर्षों में बदली हजारीबाग की तस्वीर, अब पर्यटन हब बनने की तैयारी

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:15 PM (IST)

हजारीबाग पिछले 25 वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में काफी विकसित हुआ है, अब यह एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनने ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. हजारीबाग 25 वर्षों में पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हुआ।

  2. जैव विविधता पार्क और मेगालिथ पार्क जैसी परियोजनाएं शुरू की गईं।

संदीप कुमार सिन्हा, हजारीबाग। प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगल, पहाड़, झरने, ऐतिहासिक धरोहर और धार्मिक स्थलों से समृद्ध हजारीबाग में पर्यटन की संभावनाएं शुरू से रही हैं। पहले जिले का पर्यटन मुख्य रूप से पिकनिक स्थलों और धार्मिक आयोजनों तक सीमित था।

पर्यटक कनहरी पहाड़ी, हजारीबाग झील, कोनार डैम, सूर्यकुंड और विभिन्न मंदिरों तक पहुंचते थे, लेकिन ठहरने, मनोरंजन, सुरक्षा और पर्यटक सुविधाओं का पर्याप्त विकास नहीं हो पाया था। पिछले 25 वर्षों में कुछ महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर उतरी हैं। अब पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की तैयारी हो रही है।

विकास की प्रमुख पहल

प्रारंभिक वर्षों में कनहरी पहाड़ और उसके आसपास पर्यटन सुविधाएं विकसित करने का प्रयास हुआ। वर्ष 1998 में वन विभाग ने कनहरी पहाड़ी के तालाब के सौंदर्यीकरण पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें तालाब की सफाई, पाथवे, बिजली-पानी, बैठने की व्यवस्था और नौकायन के लिए पैडल बोट जैसी सुविधाएं शामिल थीं।

हालांकि रखरखाव और सुरक्षा के अभाव में यह पहल अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी। इसके बाद पर्यटन विकास की दिशा में अलग-अलग स्तर पर प्रयास हुए। वर्ष 2007-08 में केंद्र सरकार ने हजारीबाग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 2.66 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की थी।

वहीं, 2004 में हजारीबाग वन्यजीव अभयारण्य के विकास के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। वर्ष 2023 में कनहरी वन क्षेत्र को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की 1.83 करोड़ रुपये की योजना को भी स्वीकृति मिली।

अब ऐतिहासिक धरोहर और प्रकृति पर्यटन पर जोर

वर्ष 2025 में कनहरी पहाड़ी की तलहटी में छह हेक्टेयर क्षेत्र में जैव विविधता पार्क का निर्माण कराया गया। इस पर लगभग 3.07 करोड़ रुपये खर्च हुए। वहीं, बड़कागांव के पंकरी-बरवाडीह स्थित ऐतिहासिक मेगालिथ स्थल पर पार्क निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये सीएसआर मद से आवंटित किए गए हैं। स्थल की सुरक्षा के लिए 1.99 करोड़ रुपये की चहारदीवारी का प्रस्ताव भी है।

अगले 25 वर्षों में पर्यटन की नई तस्वीर

आने वाले वर्षों में कोनार डैम को वाटर स्पोर्ट्स हब बनाने की पहल प्रस्तावित है। सूर्यकुंड को आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, छड़वा डैम में नौकायन, हजारीबाग झील के सौंदर्यीकरण और सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम के विकास की संभावनाएं भी सामने आई हैं।

अगले 25 वर्षों में योजनाएं धरातल पर उतरीं तो हजारीबाग में इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन और ऐतिहासिक पर्यटन का संयुक्त सर्किट विकसित हो सकता है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल सकता है। हालांकि इसके लिए बेहतर सड़क, पार्किंग, शौचालय, सुरक्षा, स्वच्छता, ठहरने की सुविधा और नियमित रखरखाव जरूरी होगा।

झील में बना फ्लोटिंग डेक, पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण

जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की पहल पर हजारीबाग झील में नवनिर्मित फ्लोटिंग डेक का बीते पांच नवंबर को उद्घाटन किया गया। झील के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विकसित इस तैरते डेक पर एक साथ 25 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था है। उम्मीद है कि इस पहल से स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 

यह भी पढ़ें- हजार बागों के शहर की पहचान पर गंदगी का दाग, हजारीबाग स्वच्छ सर्वेक्षण में भी नहीं बना पाया जगह

यह भी पढ़ें- रांची-हजारीबाग के बीच का आधुनिक और स्वच्छ शहर होगा रामगढ़, आजीविका की कहानियां लिख रहीं दीदियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।