हजार बागों के शहर की पहचान पर गंदगी का दाग, हजारीबाग स्वच्छ सर्वेक्षण में भी नहीं बना पाया जगह
हजारीबाग स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में स्थान नहीं बना सका, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की खराब स्थिति उजागर हुई है। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हजारीबाग कोई स्थान नहीं बना सका।
अव्यवस्थित शहरीकरण और कमजोर कचरा प्रबंधन मुख्य कारण हैं।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। कभी अपनी हरियाली, स्वच्छ आबोहवा और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देश-दुनिया में पहचान बनाने वाला हजारीबाग आज अपनी ही पहचान बचाने की जद्दोजहद कर रहा है। 'हजार बागों का शहर' कहलाने वाले इस शहर में अब बागों की जगह कंक्रीट के जंगल तेजी से फैल रहे हैं। सड़कों पर बिखरा कचरा, बजबजाती नालियां, जगह-जगह गंदगी और अव्यवस्थित शहरीकरण इसकी खूबसूरती पर दाग लगा रहे हैं।
स्वच्छता के राष्ट्रीय मानकों पर भी शहर अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड्स 2025-26 के परिणामों में झारखंड के जमशेदपुर जैसे शहरों ने जगह बनाई, लेकिन हजारीबाग किसी भी श्रेणी में स्थान नहीं बना सका। यह नतीजा केवल रैंकिंग में पिछड़ने का नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत का आईना भी है।
शहर के पिछड़ने के पीछे कई कारण हैं।
तेजी से बढ़ती आबादी और गांवों से शहर की ओर पलायन के बीच शहरी बुनियादी ढांचे का अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया। नतीजतन, पुरानी नालियां, संकरी सड़कें और कचरा निस्तारण की व्यवस्था बढ़ते दबाव के सामने कमजोर पड़ती गई। आधुनिक ठोस कचरा प्रबंधन, नियमित सफाई और वैज्ञानिक तरीके से कचरे के निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत है।
वहीं, नगर निगम की कार्यशैली और प्रशासनिक इच्छाशक्ति पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्वच्छता अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रमों और औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रह सकता। इसके लिए घर-घर कचरा उठाव, कचरे का पृथक्करण, नियमित निगरानी और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
हजारीबाग को अपनी पुरानी पहचान लौटाने के लिए अब कागजी दावों से आगे बढ़कर ठोस पहल करनी होगी। शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रशासन और नागरिकों की साझा जवाबदेही है।
यह भी पढ़ें- दीपावली की आतिशबाजी के बाद झारखंड की हवा हुई खराब, हजारीबाग का AQI 336 पहुंचा; धुएं की चादर में लिपटी रांची
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।