हजारीबाग में 'सांसद तीर्थ दर्शन' योजना की इस तारीख से होगी शुरूआत, अयोध्या सहित इन जगहों के होंगे फ्री दर्शन
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल अपनी सदस्यता के एक वर्ष पूरा होने पर सांसद तीर्थ दर्शन-2025 योजना शुरू करेंगे। इस योजना का उद्घाटन 29 जून 2025 को होगा। योजना के तहत हर महीने छह यात्राएं होंगी जिनमें 65 श्रद्धालु जा सकेंगे। यात्रा हजारीबाग से शुरू होकर काशी अयोध्या प्रयागराज और विंध्याचल होते हुए वापस हजारीबाग आएगी।
जागरण संवाददाता, हजारीबाग। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के बतौर सांसद शपथ लेने के एक साल आगामी 24 जून को होने वाले हैं।
इस उपलक्ष्य में उन्होंने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में एक अनोखी पहल करते हुए सांसद तीर्थ दर्शन-2025 योजना की शुरुआत कर रहे हैं।
इसका उद्घाटन व प्रथम जत्थे की रवानगी आगामी 29 जून 2025 को प्रातः 11:00 बजे हजारीबाग के कटकमदाग प्रखंड स्थित नृसिंह स्थान मंदिर प्रांगण, खपरियावां में समारोह पूर्वक किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के नेता, कई प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के की जनता को आमंत्रित किया जा रहा है।
यह बातें सांसद मनीष जायसवाल ने शुक्रवार पूर्वाह्न अपने सांसद कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही। इससे पहले सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य नेताओं ने गुरुवार को अहमदाबाद विमान हादसे की हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले समस्त यात्रियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं, हाल के दिनों में जिले की चरमराई बिजली आपूर्ति पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इसलिए अब शनिवार को सुबह 11:00 बजे से बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा ताकि, विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास हो और बिजली व्यवस्था में कुछ सुधार आ सके।
सांसद तीर्थ दर्शन-2025 योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए सांसद ने कहा कि योजना के तहत प्रति माह छह ट्रिप यात्रा कराया जाएगा, जिसमें प्रत्येक ट्रिप में 65 श्रद्धालु जा सकेंगे। इसके लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस वातानुकूलित बस होगी, जिसमें 45 सीट और 20 स्लीपर सीट होंगे।
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सभी पांचों विधानसभा के पांच- पांच पंचायत करके इस योजना को क्रियान्वित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के चयन प्रक्रिया से लेकर उन्हें तीर्थ दर्शन कराने में सांसद सेवा कार्यालय की टीम तत्पर रहेगी। प्रत्येक ट्रिप में संबंधित क्षेत्र के पांच भाजपा कार्यकर्ता साथ जाएंगे।
प्रथम चरण में श्रद्धालुओं के उम्र सीमा को 60 साल तय किया गया है। यह यात्रा प्रसाद और भोजन खर्च, मंदिर आने जाने ट्रैवलिंग खर्च को छोड़कर पूरी तरह निःशुल्क होगा।
प्रवास और भोजन के व्यवस्था के साथ तीर्थ स्थलों के सुलभ दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से वार्ता चल रही है।
यात्रा हजारीबाग से प्रारंभ होकर काशी पहुंचेगी, दिनभर यात्री विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना करने के उपरांत रात में यात्रा कर अगले दिन अयोध्या पहुंचेंगे, अयोध्या में विभिन्न धार्मिक स्थान एवं आरती- दर्शन के उपरांत अगले दिन प्रयागराज संगम पहुंचेंगे।
इसके बाद विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना करने के बाद यात्रा हजारीबाग के लिए प्रस्थान करेगी और यात्रीगण हजारीबाग पहुंच जाएंगे।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य केपी ओझा, अशोक यादव, टुन्नू गोप, सुदेश चंद्रवंशी, जिला पदाधिकारी दामोदर सिंह, रेणुका साहू, जय नारायण प्रसाद, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष राजकरण पांडे, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनोरमा राणा मौजूद थे।
वहीं, किसान मोर्चा अध्यक्ष इंद्र नारायण कुशवाहा, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश सिंह राठौर, नगर पूर्वी मंडल अध्यक्ष विवेक बैरियर, मांडू विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि खोखा सिंह, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, किशोरी राणा, सांसद सेवा कार्यालय कर्मी विजय वर्मा, रूपम ओझा, विशेषांक वर्मा, राजेश कुमार, अमन कुमार, प्रबीर मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।