विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में 20 रुपये के विवाद में ले ली जान, हत्या के बाद खून लगा पत्थर लेकर शव के पास बैठा रहा युवक

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:34 PM (IST)

हजारीबाग के बरही में 20 रुपये के विवाद में एक विक्षिप्त व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपित गौतम कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जो शव के पास ही बैठा था।

20 रुपये के विवाद में हत्या के आरोपित गौतम कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। (फोटो सोर्स- जागरण)

20 रुपये के विवाद में हत्या के आरोपित गौतम कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। (फोटो सोर्स- जागरण)

HighLights

  1. बरही में 20 रुपये के विवाद में हत्या हुई।

  2. विक्षिप्त व्यक्ति को पत्थर से कुचलकर मारा गया।

संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही थाना अंतर्गत तिलैया रोड स्थित बजाज शोरूम के समीप शनिवार की देर रात करीब एक बजे एक हैरान करने वाली वारदात हुई। महज 20 रुपये मांगने के विवाद में एक विक्षिप्त व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह भी रही कि हत्या के बाद आरोपित भागने के बजाय शव के पास ही पत्थर लेकर बैठा रहा।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बिहार के नालंदा जिले के सराय थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र प्रसाद के पुत्र गौतम कुमार (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर भी बरामद किया है।

रविवार को एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने प्रेस वार्ता में बताया कि शनिवार की रात करीब एक बजे हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति का शव मिला। उसका सिर पत्थर से कुचला हुआ था। पास में ही आरोपित खून लगा पत्थर लेकर बैठा था। पूछताछ में उसने बताया कि मृतक विक्षिप्त था। उसने खाने के लिए उसे 20 रुपये दिए थे, लेकिन वह और 20 रुपये मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

एसडीपीओ आरपी किशोर ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक विक्षिप्त था और मांगकर अपना गुजारा करता था। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। आरोपित बरही में दैनिक मजदूरी करता है और करीब एक सप्ताह पहले ही नालंदा से यहां आया था। शनिवार की रात वह खाना खाने तिलैया रोड स्थित एक होटल गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान के लिए उसे 72 घंटे तक शवगृह में रखा जाएगा।

प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार उपस्थित थे। छापामारी दल में थाना प्रभारी के साथ पुअनि सुनील कुमार महतो, सअनि वसंत भगत, आरक्षी विजय कुमार वआरक्षी संजीत कुमार यादव शामिल थे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर  जेल भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ें- अमेरिका में सोमाली-अमेरिकी उबर ड्राइवर की मौत, भारतीय मूल के युवक पर लगा हत्या का आरोप

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: छठी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।