गाजियाबाद: छठी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
गाजियाबाद में छठी मंजिल से गिरकर युवक की मौत के मामले में उसकी पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि पत्नी मानसिक प्रताड़ना देती थी और परिवार से दूर रखती थी।
-1765075284615_v-1781827640160_v-1795937930156_m.webp)
गाजियाबाद पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
गाजियाबाद में युवक की छठी मंजिल से गिरकर मौत।
मृतक की पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप।
पिता ने मानसिक प्रताड़ना और परिवार से दूरी का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक सोसायटी की छठी मंजिल से 9 नवंबर को गिरकर युवक की मौत के मामले में नंदग्राम थाने में मृतक की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा के शाहिदपुर गांव निवासी जयपाल सिंह ने बताया कि उनके बेटे अंकित चौहान की शादी 18 जनवरी 2025 को वैशाली चौहान से हुई थी। शादी के करीब एक सप्ताह बाद से ही अंकित और वैशाली राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा चिमोरा सोसायटी के टावर-जे के फ्लैट नंबर 606 में रह रहे थे।
पिता ने लगाया आरोप
पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही वैशाली का व्यवहार अंकित और उनके परिवार के प्रति अभद्र व अपमानजनक हो गया था। वह आए दिन अंकित के साथ झगड़ा व गाली-गलौज करती थी, मरने-मारने की धमकियां देती थीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी।
इसके अलावा अंकित को अपने माता-पिता और परिवार से मिलने-जुलने व बात करने से भी रोका जाता था और परिवार से संपर्क खत्म करने का दबाव बनाया जाता था।
9 नवंबर की है घटना
आरोप है कि लगातार मिल रही मानसिक प्रताड़ना और तनाव से तंग आकर अंकित चौहान ने 9 नवंबर की रात करीब 10 बजे छठी मंजिल से गिरकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय घर में अंकित, वैशाली और उनका नवजात शिशु मौजूद थे। परिजनों की शिकायत के आधार पर नंदग्राम पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।