क्रिकेट के मैदान पर भिड़ेंगी झारखंड के 7 नगर निगमों की टीमें, हजारीबाग में 20 नवंबर से मेयर लीग का आगाज
हजारीबाग में 20 नवंबर से मेयर अरविंद राणा की पहल पर संजय सिंह स्टेडियम में मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का ...और पढ़ें

हजारीबाग में 20 नवंबर से मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज। जागरण
HighLights
हजारीबाग में 20 नवंबर से मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज।
झारखंड के सात नगर निगमों की टीमें लेंगी प्रतियोगिता में हिस्सा।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। खेल के क्षेत्र में हजारीबाग को नई पहचान दिलाने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महापौर अरविंद राणा ने अनूठी पहल की है। उनके सौजन्य से 20 नवंबर से संजय सिंह स्टेडियम में मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा।
डे-नाइट प्रारूप में होने वाली इस प्रतियोगिता में झारखंड के सात नगर निगम क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 नवंबर को खेला जाएगा। वहीं, 19 नवंबर को उद्घाटन समारोह के अवसर पर प्रशासन और पत्रकारों की टीम के बीच मैत्री मुकाबला आयोजित होगा।
मंगलवार को संजय सिंह स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर अरविंद राणा ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में धनबाद, गिरिडीह, रांची, हजारीबाग, देवघर, मानगो और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्रों की टीमें भाग लेंगी।
इसके अलावा एचडीसीए के माध्यम से हजारीबाग प्रशासन की टीम भी मैदान में उतरेगी। प्रशासनिक टीम की कप्तानी उपायुक्त करेंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न नगर निगमों के महापौरों के नाम पर टीमें खेलेंगी।
महापौर ने बताया कि सभी मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे। प्रतियोगिता लीग प्रारूप में डे-नाइट आयोजित की जाएगी। दिन के मुकाबले दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक और रात्रि के मुकाबले शाम सात बजे से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद और ट्राफी प्रदान की जाएगी। वहीं, उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये और ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले मैन आफ द सीरीज खिलाड़ी को पुरस्कार स्वरूप स्कूटी दी जाएगी।
दिवंगत संजय सिंह की स्मृति में आयोजन
महापौर अरविंद राणा ने कहा कि यह प्रतियोगिता दिवंगत संजय सिंह की स्मृति में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि हजारीबाग में खेल संस्कृति को मजबूत करना और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है, उसी तरह खेल के विकास में भी समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट अपने आप में एक अनूठी पहल है। संभवतः देश में पहली बार इस तरह सात नगर निगम क्षेत्रों की टीमें महापौरों के नाम से एक मंच पर उतरेंगी। इससे अलग-अलग शहरों के खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा, आपसी समन्वय और खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा।
प्रेस वार्ता में वार्ड संख्या 13 के पार्षद विकास यादव, संयोजक कुणाल कुमार उर्फ हैप्पी, अजय पांडेय, मनमीत अकेला, राजेंद्र यादव, मंजीत यादव, पवन गुप्ता, संजय कुमार दास और सुनील कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को बड़ा झटका: हजारीबाग में कब्जे वाली 50 डिसमिल खास महाल जमीन वापस लेगी सरकार
यह भी पढ़ें- 25 वर्षों में बदली हजारीबाग की तस्वीर, अब पर्यटन हब बनने की तैयारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।