हजारीबाग के इन 3 गांवों की बदलेगी तस्वीर, 9.78 करोड़ से बनेंगे पुल; दो जिलों के बीच आवागमन होगा आसान
हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र में 9.78 करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इन पुलों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और दो जिलों के बीच संपर्क मजबूत होगा, जिससे स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
हजारीबाग में 9.78 करोड़ की लागत से तीन पुलों का निर्माण।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था होगी मजबूत।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना 2026-27 के तहत करीब 9.78 करोड़ रुपये की लागत से तीन पुलों का निर्माण कराया जाएगा। विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल पर इन योजनाओं को स्वीकृति मिली है।
पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। स्वीकृत योजनाओं में कटकमसांडी प्रखंड के ग्राम लखनु में महाने नदी पर 77.48 मीटर लंबे पुल का निर्माण शामिल है। इस पर 3 करोड़ 97 लाख 78 हजार रुपये खर्च होंगे। पुल बनने से हजारीबाग जिले के लखनु गांव का संपर्क चतरा जिले के खलारी गांव से बेहतर होगा। इससे दोनों जिलों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वहीं, कटकमसांडी प्रखंड की ढोढवा पंचायत में बक्सा नदी पर 30.26 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 2 करोड़ 60 लाख 7 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा सदर प्रखंड के मासीपीढ़ी में बभनबै श्मशान घाट के समीप कोनार नदी पर 44.76 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण होगा।
इस योजना पर 3 करोड़ 20 लाख 60 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। तीनों पुलों के निर्माण से संबंधित गांवों के लोगों को बरसात के दिनों में आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के गांवों को बेहतर सड़क और पुल कनेक्टिविटी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्याओं को देखते हुए लगातार सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मांग रखी जा रही थी। तीन पुलों की स्वीकृति इसी प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।