विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में टेंडर के महीने भर बाद भी बंद पड़े हैं 11 बालू घाट, 6 हजार रुपये ट्रैक्टर खरीदने को मजबूर लोग

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:09 PM (GMT+05:30)

हजारीबाग में टेंडर के एक महीने बाद भी 11 बालू घाट बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को 5-6 हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर महंगी बालू खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। 

टेंडर के महीने भर बाद भी बंद पड़े हैं 11 बालू घाट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

टेंडर के महीने भर बाद भी बंद पड़े हैं 11 बालू घाट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. हजारीबाग में 11 बालू घाट एक माह से बंद पड़े हैं।

  2. बालू की कीमत 5-6 हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर तक पहुंची।

  3. सरकारी योजनाओं और राजस्व पर पड़ रहा है बुरा असर।

विनय कुशवाहा, हजारीबाग। एनजीटी की रोक हटने और बालू घाटों का टेंडर होने के बावजूद हजारीबाग के लोगों को सस्ती बालू मिलने का इंतजार है। टेंडर हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन जिले के 11 बालू घाटों से अब तक उठाव शुरू नहीं हुआ है। इसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। 

शहर में फिलहाल पांच से छह हजार रुपये में ट्रैक्टर बालू मिल रही है। महंगी बालू के कारण निजी मकान निर्माण के साथ सरकारी योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। वहीं, घाटों का संचालन शुरू नहीं होने से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

पांच से छह हजार रुपये में मिल रही ट्रैक्टर बालू

शहर में बालू की कीमत पांच से छह हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर तक पहुंच गई है। इससे मध्यमवर्गीय परिवारों का मकान निर्माण बजट बिगड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था के तहत घाटों से उठाव शुरू हो और निर्धारित दर पर आपूर्ति हो तो शहर में दो से तीन हजार रुपये के आसपास ट्रैक्टर बालू मिल सकती है। बालू की कमी के कारण बाजार में मनमानी कीमत वसूले जाने की शिकायतें भी मिल रही हैं।

बालू की कमी से विकास योजनाएं प्रभावित

बालू की किल्लत का असर निजी निर्माण के साथ सरकारी योजनाओं पर भी पड़ रहा है। ठेकेदारों को सरकारी कार्यों के लिए बालू का चालान नहीं मिल पा रहा है। सड़क, नाली, पुल-पुलिया और सरकारी भवनों के निर्माण में परेशानी हो रही है। 

नियमित आपूर्ति नहीं होने से कई निर्माण कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। इससे योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करना भी चुनौती बन रहा है।

थाना और अंचल को मैनेज करने के नाम पर वसूली का आरोप

बालू घाटों का संचालन शुरू नहीं होने के बीच अवैध बालू परिवहन और कथित वसूली का मामला भी चर्चा में है। नाम नहीं छापने की शर्त पर एक ट्रैक्टर चालक ने आरोप लगाया कि चोरी-छिपे बालू का परिवहन करने वाले चालकों को हर महीने थाना स्तर पर पैसे देने पड़ते हैं। इसके बाद अंचल स्तर पर भी कथित तौर पर मैनेज करना पड़ता है। 

चालक के अनुसार, इस खर्च से बचत हो तो शहर में दो से तीन हजार रुपये में ट्रैक्टर बालू उपलब्ध कराई जा सकती है। पैसे नहीं देने पर ट्रैक्टर चलाना मुश्किल हो जाता है और कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। 

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच होने पर कथित वसूली की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

एक ही कंपनी को मिला 11 घाटों का टेंडर

जिले के सभी 11 बालू घाटों का टेंडर समर्थ एडी पोरवो टैक्स को मिला है। उम्मीद थी कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी जल्द संचालन शुरू करेगी। लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद घाटों से उठाव शुरू नहीं हुआ है। 

विभाग की ओर से कंपनी को दो बार लिखित सूचना देकर संचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद कंपनी की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

बरकट्ठा, बरही और बड़कागांव में हैं बालू घाट

जिले में बालू उठाव के लिए बरकट्ठा, बरही और बड़कागांव थाना क्षेत्र के विभिन्न मौजों को चिह्नित किया गया है। बरकट्ठा क्षेत्र के मासीपीढ़ी और बेलकापी तथा बरही क्षेत्र के बेला और बैरीसाल शामिल हैं। 

वहीं, बड़कागांव क्षेत्र के चौपादार बलिया, हरली, लंगातु, सीकरी, पंडरिया, बड़कागांव, सिरमा, सोनपुरा, साढ़, कांडतरी, बादम, राउतपारा, डम्भाडीह और कुतुलुवा मौजा के घाटों से बालू उठाव होना है।

सरकार को राजस्व का नुकसान, आम जनता परेशान

घाटों का संचालन शुरू नहीं होने से सरकार को राजस्व नहीं मिल रहा है। दूसरी ओर, वैध बालू की आपूर्ति नहीं होने से अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलने की आशंका है। लोगों की मांग है कि विभाग जल्द कंपनी पर कार्रवाई कर बालू उठाव शुरू कराए, ताकि बाजार में आपूर्ति बढ़े और आम लोगों को राहत मिल सके।

दो बार लिखित सूचना दी गई, अब तक नहीं मिला जवाब

जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि जिले के 11 बालू घाटों का टेंडर एक ही कंपनी ने लिया है। संचालन शुरू करने के लिए कंपनी को दो बार लिखित सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। घाटों का संचालन भी शुरू नहीं हुआ है। विभाग की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- लगन के सीजन में जीटी रोड जाम: हजारीबाग में 35 किमी तक रेंगते रहे वाहन, बिहार जानेवाले यात्री फंसे


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।