लगन के सीजन में जीटी रोड जाम: हजारीबाग में 35 किमी तक रेंगते रहे वाहन, बिहार जानेवाले यात्री फंसे
शादी-विवाह के लगन के कारण जीटी रोड पर चोरदाहा से बरही तक 35 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया, जिससे हजारों वाहन और यात्री घंटों फंसे रहे। शादी समारोह में जा रहे लोगों को भारी परेशानी हुई।

महुदी-जोकठ, पिपरा और दनुआ घाटी बने जाम के बड़े केंद्र, चौपारण-इटखोरी मार्ग भी प्रभावित।
HighLights
जीटी रोड पर 35 किमी लंबा महाजाम लगा।
शादी के लगन और निर्माण कार्य से जाम।
स्कूली बच्चे, यात्री और बारातें घंटों फंसीं।
शशि शेखर, चौपारण (हजारीबाग)। शादी-विवाह के लगन के बीच बुधवार को जीटी रोड पर वाहनों का दबाव इस कदर बढ़ा कि चोरदाहा से बरही के सिंघरावां तक करीब 35 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया। महुदी-जोकठ, पिपरा और दनुआ घाटी में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते जीटी रोड पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया।
हजारों वाहन और यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। इसका असर चौपारण-इटखोरी मार्ग पर भी पड़ा। स्कूली बसों का परिचालन बाधित होने से बच्चे स्कूल नहीं पहुंच सके। वहीं, शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जीटी रोड पर जाम की समस्या अब आम हो गई है। सड़क निर्माण में सुस्ती, अधूरे अंडरपास, जर्जर डायवर्सन और यातायात प्रबंधन की कमी इसका प्रमुख कारण बन रहे हैं। सबसे खराब स्थिति महुदी अंडरपास के समीप है, जहां निर्माण कार्य महीनों से बंद पड़ा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष से यहां की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। निर्माण कार्य की धीमी गति के साथ वाहनों के परिचालन के लिए बनाया गया डायवर्सन भी बदहाल है। इसकी मरम्मत और सुधार की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
महुदी-जोकठ, पिपरा और दनुआ घाटी में सड़क की स्थिति ऐसी है कि थोड़ी देर के लिए वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम कई किलोमीटर तक फैल जाता है। डायवर्सन के पास संकरी सड़क और खराब रास्ते के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।
जल्दी निकलने की होड़ में छोटे वाहन चालक गलत दिशा से आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं। इससे आमने-सामने वाहन फंस जाते हैं और यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। एक स्थान पर वाहन फंसने के बाद पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
बुधवार को विवाह लगन के कारण कारों, बसों और बारात में शामिल वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। बड़ी संख्या में छोटे वाहनों के एक साथ सड़क पर उतरने से यातायात का दबाव बढ़ गया।
कई जगह आगे निकलने की कोशिश में अव्यवस्था की स्थिति बनी। चौपारण-इटखोरी मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को भी राहत नहीं मिली। इस मार्ग पर भी जाम का असर देखा गया।
स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा असर
महाजाम का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा। चौपारण, बरही और इटखोरी क्षेत्र के हजारों बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी। चौपारण से बरही डीएवी जाने वाले बच्चों की बसें निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकीं। वहीं, इटखोरी की ओर से स्कूल आने वाले बच्चों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। कई बच्चे स्कूल नहीं जा सके और उन्हें घरों में ही रहना पड़ा।
शादी समारोह और जरूरी सेवाएं भी प्रभावित
जाम में बारात और शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोग भी घंटों फंसे रहे। कई लोगों को शादी के शुभ मुहूर्त तक पहुंचना मुश्किल हो गया। अस्पताल जाने वाले मरीजों और अन्य जरूरी काम से निकले लोगों को भी परेशानी हुई।
आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रास्ता मिलने में बाधा उत्पन्न हुई। जीटी रोड से गुजरने वाले वीआइपी वाहनों का आवागमन भी प्रभावित रहा। जाम की गंभीरता को देखते हुए कई वाहन चालकों ने अपना निर्धारित मार्ग छोड़कर दूसरे रास्तों का सहारा लिया।
निर्माण कंपनी नदारद, एनएचएआई की व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। जाम के दौरान निर्माण कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर नजर नहीं आते।
पुलिस अपने स्तर से यातायात नियंत्रित करने का प्रयास करती है, लेकिन करीब 35 किलोमीटर तक फैले जाम को संभालना उसके लिए भी चुनौती बन जाता है। लोगों का सवाल है कि जब वर्षों से इस समस्या की जानकारी है तो एनएचएआइ और निर्माण एजेंसी की ओर से स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है।
एनएचएआई और जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश
लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में एनएचएआई और जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर वर्षों से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
महुदी अंडरपास का निर्माण जल्द पूरा करने के साथ पिपरा, दनुआ घाटी और अन्य संवेदनशील स्थानों पर डायवर्सन दुरुस्त करना जरूरी है। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान यातायात संचालन की ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों ने एनएचएआइ और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।