Gumla News: ऑटो में तीन युवकों ने किशोरी से की छेड़खानी, बचने के लिए चलती गाड़ी से कूदी; गंभीर रूप से घायल
गुमला में एक 15 वर्षीय किशोरी रायडीह थाना क्षेत्र में चलती ऑटो से छेड़छाड़ से बचने के लिए कूद गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। कर्मा पर्व मनाने नानी के घर गई किशोरी को ऑटो चालक ने लिफ्ट दी फिर अपने दो साथियों को बुलाकर छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता ने अस्पताल के पास ऑटो से कूदकर जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, गुमला। रायडीह थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी चलती ऑटो में छेड़छाड़ कर रहे युवकों से बचने के लिए ऑटो से कूद गई। घटना के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह में इलाज के उपरांत उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार नाबालिग कर्मा पर्व मनाने अपनी नानी के घर रायडीह थाना क्षेत्र के एक गांव गई थी।
जहां से गुरुवार की शाम पैदल ही अपने घर जा रही थी। तभी पीछे से छात्रा के गांव का ही एक ऑटो वाला उसे आवाज देकर बुलाया और कहने लगा गांव चलना है तो बैठो, वह भी गांव ही जा रहा है।
एक ही गांव और जान पहचान होने के कारण छात्रा उसके ऑटो में बैठ गई। कुछ दूर जाने के बाद चालक ऑटो रोककर एक दुकान कुछ सामान खरीदने गया। इसी बीच चालक ने अपने दो साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ दूर आगे चलने के बाद उसके दोनों साथी भी ऑटो में सवार हो गए।
ऑटो में कर रहे थे गंदी-गंदी बातें
इसी बीच ऑटो चालक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगा। गंदी-गंदी बातें भी करने लगा। इसके बाद छात्रा किसी अनहोनी की आशंका को भांप गई। वह ऑटो रोकने के लिए बार-बार गुहार लगाती रही। लेकिन आरोपियों द्वारा उसके साथ लगातार छेड़छाड़ किया जाने लगा।
तब छात्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह के पास चलती टेंपो से कूद गई। उसके सिर, चेहरा व शरीर के कई हिस्से में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद ऑटो चालक तेजी से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रायडीह थाना को दी।
रायडीह थाना की दो महिला सिपाही छात्रा को लेकर रायडीह अस्पताल पहुंची। जहां से उसे गुमला रेफर कर दिया गया। छात्रा ने बताया ऑटो चालक उसके ही गांव का है और वह विवाहित है। इसी विश्वास में वह उसके ऑटो में बैठ गई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।