प्रधानमंत्री की सराहना से विकास भारती से जुड़ी महिलाएं हैं गौरवांवित
जागरण संवाददाता गुमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात में जिले के सुदू ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुमला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात में जिले के सुदूरवर्ती बिशुनपुर प्रखंड का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि कैसे यहां के लोग लेमन ग्रास की खेती कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिशुनपुर इलाके में 30 से अधिक समूह मिलकर लेमन ग्रास की खेती से जुड़े हैं और अपना जीवन स्तर सुधार रहे हैं। प्रधानमंत्री के मन की बात में बिशुनपुर प्रखंड में लेमन ग्रास की खेती पर उनके द्वारा की गई चर्चा से विकास भारती से जुड़ी महिला ग्राम संगठन और महिला समूहों के सदस्य अपने को गौरवांवित महसूस कर रही हैं।
दरअसल में झारखंड राज्य आजीविका मिशन और विकास भारती के बीच में लेमन ग्रास से महिला आर्थिक सशक्तिकरण का करार हुआ था। उसी करार के तहत बिशुनपुर में विकास भारती के द्वारा महिला सशक्तीकरण अभियान चलाया गया। 30 महिला समूह मिलकर लेमन ग्रास की खेती कर अपने जीवन स्तर को सुधार रही हैं। लेमन ग्रास एक औषधीय पौधा है। इसका इस्तेमाल मेडिसीन कास्मेटिक, डिटर्जेट बनाने में किया जाता है। यह घास चार महीने में तैयार हो जाता है। इससे इसका तेल निकाला जाता है। तेल निकालने के लिए बिशुनपुर में दो प्रोसेसिग प्लांट लगाए गए हैं।
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय सह प्रधान कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार पांडेय कहते हैं कि लेमन ग्रास वैसे खेतों में लगाया जा रहा है जो जमीन अनुपयोगी रहें हैं। प्रधानमंत्री के चर्चा से हम गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। एक एकड़ जमीन में खेती करने से किसानों को 60 हजार न्यूनतम से एक लाख तक अधिकतम आय की प्राप्ति होती है। इसका तेल भी बिशुनपुर में ही तैयार किया जाता है। लेमन ग्रास की तेल की मांग भारतीय बाजारों के अलावे अंतराष्ट्रीय बाजारों में बहुत अधिक है। एक लीटर तेल की कीमत बाजार में 1500 लीटर मिल जाती है। विकास भारती ने महिला किसानों को यह स्वतंत्रता दे रखी है यदि वे चाहें तो अपने से बाजार में जाकर लेमन ग्रास तेल की बिक्री करें। बाजार जाने में असमर्थ किसानों का तेल विकास भारती खरीद लेता है और उन्हें बाजार मूल्य उपलब्ध कराता है। बिशुनपुर प्रखंड में 15 एकड़ जमीन में लगभग दो सौ महिला किसान लेमन ग्रास की खेती कर रही हैं। रेहे कुंबाटोली की सुमंति देवी, सेरका नवागढ़ की देवंती देवी, नवागढ़ सेरका की रुपमति देवी, बसंती देवी, ललिता देवी, बेती की सुशांति देवी आदि लेमन ग्रास की खेती कर रही हैं। सुमति ने 60 डिसमिल जमीन में लेमन ग्रास लगाकर बीस हजार रुपये की आय अर्जित की है। इसी तरह 50 डिसमिल जमीन में लेमन ग्रास लगाकर रुपमति देवी ने एक लाख 35 हजार रुपये कमाई है। महिला किसान लेमन ग्रास की खेती कर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर हो रही है। विकास भारती गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में वर्षो पहले से काम करती आई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।