गाय-बकरी बीमार तो पशुपालकों की जेब पर बोझ, गुमला के सरकारी पशु अस्पतालों में चार महीने से दवाएं खत्म
गुमला जिले के 17 सरकारी पशु चिकित्सालयों में पिछले चार माह से जरूरी दवाओं की भारी किल्लत है, जिससे लगभग 13.81 लाख पशुधन के इलाज में परेशानी हो रही है। पशुपालकों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
गुमला के पशु चिकित्सालयों में चार माह से दवाएं नहीं।
13.81 लाख पशुधन के इलाज में आ रही है दिक्कत।
संवाद सहयोगी, गुमला। गुमला जिले में पशुपालन विभाग के 17 सरकारी पशु चिकित्सालयों में पिछले चार माह से जरूरी दवाओं की किल्लत बनी हुई है। दवा भंडार खाली पड़े हैं। इससे जिले के लगभग 13 लाख 81 हजार पशुधन के इलाज को लेकर चिंता बढ़ गई है। पशुओं के बीमार पड़ने पर पशुपालकों को सरकारी अस्पतालों से दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। मजबूरन उन्हें निजी दवा दुकानों से महंगे दामों पर दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
पशु चिकित्सालयों में पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाली सामान्य और जरूरी दवाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। इनमें कैल्शियम लिक्विड, कृमिनाशक गोलियां, दस्त की दवाएं और बुखार के इंजेक्शन सहित अन्य जरूरी दवाएं शामिल हैं। इन दवाओं की जरूरत पशुओं के सामान्य उपचार में भी पड़ती है। इसके बावजूद लंबे समय से आपूर्ति नहीं होने के कारण पशुपालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिले में बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार खेती के साथ पशुपालन पर भी निर्भर हैं। गाय, बैल, भैंस, बकरी और अन्य पालतू पशु उनकी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन हैं। ऐसे में पशुओं के बीमार होने पर समय पर इलाज नहीं मिलना पशुपालकों के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन रहा है। सरकारी पशु चिकित्सालयों में मुफ्त या निर्धारित सुविधा के तहत मिलने वाली दवाएं नहीं मिलने से उन्हें निजी दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है।
जिला में कुल 13 लाख 81, 492 पालतू पशु है जिसमें बकरा, बकरी व मेमने की संख्या 6 लाख 13,738, गाय व बैल की संख्या 5 लाख 59,717, भैंसों की संख्या 98,971 वहीं सुअर की संख्या 1 लाख 9066 है। समेत अन्य पशु शामिल है।
सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने के बाद भी दवाएं नहीं मिल पाती है, जबकि पूर्व में दवा हमें पशु अस्पताल से मिल जाता था। अब पशुओ के लिए बाहर से दवा खरीदनी पड़ती हैं।
- महीरूद्दीन अंसारी, पशुपालक।
बाहर से दवा खरीदने पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। विभाग जल्द पशुओं की दवाओं का व्यवस्था कराएं जिससे हम पशुपालकों को राहत मिले।
- गजेंद्र नायक, पशुपालक।
पशु चिकित्सालय में कुछ माह से दवाईयों का कमी है, दवा खरीदने के लिए प्रोसेस किया गया है। जल्द की पशुओं की दवा उपलब्ध हो जाएगा।
- डॉ. संजय प्रसाद, जिला पशुपालन पदाधिकारी, गुमला।
यह भी पढ़ें- अब झारखंड में राशन की गाड़ी पर रहेगी सरकार की नजर, GPS बंद या ऐप में एंट्री गायब तो FIR होगी दर्ज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।