अब झारखंड में राशन की गाड़ी पर रहेगी सरकार की नजर, GPS बंद या ऐप में एंट्री गायब तो FIR होगी दर्ज
खाद्य आपूर्ति सचिव ने पीडीएस अनाज की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। अब खाद्यान्न ढुलाई में जीपीएस ट्रैकिंग और जन जोहार एप में ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य होगी, उल्लंघन पर सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
खाद्यान्न ढुलाई में जीपीएस ट्रैकिंग और जन जोहार एप अनिवार्य।
उल्लंघन करने वाले परिवहन अभिकर्ताओं पर सीधी प्राथमिकी दर्ज होगी।
सच्चिदानंद, मेदिनीनगर (पलामू)। अब बिना जीपीएस ट्रैकिंग और जन जोहार ऐप में ऑनलाइन एंट्री के खाद्यान्न की ढुलाई करना परिवहन अभिकर्ताओं को भारी पड़ेगा। ऐसा करते पकड़े जाने पर सीधे प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
पीडीएस के अनाज की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को यह सख्त निर्देश दिया है। इसके तहत खाद्यान्न के उठाव से लेकर गोदामों में भंडारण और डीलरों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी अनिवार्य कर दी गई है।
सचिव ने निर्देश दिया है कि खाद्यान्न परिवहन में जीपीएस ट्रैकिंग और जन जोहार एप की एंट्री सुनिश्चित की जाए। किसी भी वाहन में जीपीएस सक्रिय नहीं रहने या एप पर ऑनलाइन एंट्री नहीं होने की स्थिति में संबंधित परिवहन अभिकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। जिला और राज्य स्तर पर वाहनों की निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
जीपीएस बंद होने पर इसकी सूचना जिला आपूर्ति पदाधिकारी को मिलेगी। वहीं, एप में तकनीकी गड़बड़ी के कारण एंट्री नहीं होने पर तकनीकी टीम से तत्काल समाधान कराया जाएगा।
गोदामों की होगी ऑनलाइन जांच, कमी पर कार्रवाई
निर्देश के अनुसार राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदामों का प्रत्येक तीन माह में एसओआर और जिला आपूर्ति पदाधिकारी ऑनलाइन निरीक्षण करेंगे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अनाज का भंडारण अलग-अलग करना होगा। गोदाम में अनाज की कमी या बैकलॉग मिलने पर जिला प्रबंधक और डीएसओ की जवाबदेही तय की जाएगी।
एफसीआई से खाद्यान्न का उठाव होने और गोदाम अथवा डीलर के यहां भौतिक रूप से पहुंचने के साथ ही पोर्टल और ई-पॉस मशीन में तत्काल एंट्री करनी होगी।
डीलरों पर कार्रवाई की प्रक्रिया भी ऑनलाइन
पीडीएस दुकानों का अक्षांश-देशांतर (लैटिट्यूड-लॉन्गिट्यूड) सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है। निलंबित दुकानों के खाद्यान्न का आवंटन दूसरे डीलर को ऑनलाइन मॉड्यूल के माध्यम से किया जाएगा। डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी। इसमें कारण बताओ नोटिस जारी करने से लेकर निलंबन तक की कार्रवाई शामिल है।
इसके अलावा सीसीसी में तैनात दो कर्मियों के कामकाज की समीक्षा कर अक्षम कर्मियों की जगह प्रशिक्षित कर्मियों को रखने का निर्देश दिया गया है।
पलामू में 15 गोदामों से होता है खाद्यान्न का वितरण
पलामू जिले में राज्य खाद्य निगम के 15 गोदाम हैं। सभी प्रखंडों में आवंटन के अनुसार परिवहन अभिकर्ताओं को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। जिले में करीब 94 हजार क्विंटल अनाज का आवंटन होता है। गोदामों से डीलरों तक खाद्यान्न पहुंचाने वाले वाहनों की जीपीएस और जन जोहार ऐप के माध्यम से जिला व राज्य स्तर पर निगरानी की जाती है। उठाव और निर्गत की प्रक्रिया भी ऑनलाइन दर्ज होती है।
राशन कम मिलने की शिकायत पर संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) से स्पष्टीकरण मांगा जाता है। उठाव और निर्गत सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी एमओ की है। वाहन का जीपीएस बंद होने पर राज्य स्तर से डीएसओ को सूचना भेजी जाती है। वहीं, एप में गलत प्रविष्टि मिलने पर विभाग की तकनीकी टीम को जानकारी देकर सुधार और आवश्यक कार्रवाई कराई जाती है। जिला स्तर पर जन जोहार ऐप की निगरानी के लिए टीम भी गठित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।