गोड्डा में पत्नी की गला रेत हत्या कर सास-ससुर को मारा चाकू, खुद भी फांसी लगाकर दे दी जान
गोड्डा के पोड़ैयाहाट में राजेंद्र पंडित ने पत्नी ललिता की गला रेतकर हत्या कर दी फिर सास-ससुर को घायल कर खुद फांसी लगा ली। पारिवारिक विवाद में हुई इस घटना से दो बच्चे अनाथ हो गए। राजेंद्र दिहाड़ी मजदूरी करता था और पत्नी के साथ उसका विवाद चल रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जागरण संवाददाता, गोड्डा। जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में शुक्रवार की देर शाम 32 वर्षीय राजेंद्र पंडित नामक एक युवक ने पारिवारिक विवाद में पहले अपनी पत्नी 25 वर्षीय ललिता देवी की गला रेत कर हत्या कर दी, फिर सास-ससुर को चाकू मारकर घायल कर दिया।
बाद में अपने घर से कुछ दूर एक पेड़ पर फंदे से झूलकर राजेंद्र पंडित ने खुद को भी समाप्त कर लिया। पारिवारिक विवाद की इस वीभत्स घटना में दो मासूम यतीम (अनाथ) हो गए। ललिता देवी का दुधमुंहा बच्चा सदर अस्पताल में घायल नानी की गोद में सिसक रहा है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि राजेंद्र पंडित दूसरे प्रदेश में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसकी शादी लाठीबाड़ी गांव में ही रामदेव पंंडित की पुत्री ललिता देवी के साथ सात- आठ साल पूर्व हुई थी।
दोनों को दो बच्चा भी है। एक बच्चा तो मात्र एक माह का है। पति और पत्नी में विवाद बीते दो साल से चल रहा था।
कुछ दिन पहले राजेंद्र पंडित अपने घर आया था। शुक्रवार को वह लाठीबाड़ी स्थित अपने ससुराल गया जहां उनकी पत्नी ललिता अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। ससुराल पहुंच कर राजेंद्र पंडित ने किसी बात पर गुस्से में आकर अपनी पत्नी की गला रेत दी।
घर के पास पेड़ पर लगा ली फांसी
बचाव को आए ससुर रामदेव पंडित और सास बिजली देवी को भी राजेंद्र ने चाकू से वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। गला रेतने से ललिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर यह कांड कर राजेंद्र पंडित अपने ससुराल से भाग कर अपने घर आ गया और निकट के पेड़ पर फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी।
इधर चाकू के वार से घायल ससुर रामदेव पंडित और सास बिजली देवी को शुक्रवार की देर रात सदर अस्पताल लाया गया जहां दोनों का इलाज चल रहा है। सास बिजली देवी की गोद में रीता का एक माह का बच्चा अब सिसक रहा है।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। लाठीबाड़ी के मुखिया प्रतिनिधि सिमोन मरांडी ने बताया कि पारिवारिक विवाद में पति पत्नी की जान चली गई है। दोनों के शव को पुलिस अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।