MLA Pradeep Yadav का पूरा परिवार बड़ा कलाकार, पिता ने धरा फकीर का रूप तो बेटों ने ‘इमली के बूंटे’ पर मचाई धूम
Godda News: गोड्डा में विधायक प्रदीप यादव ने अपने पैतृक गांव बोहरा में काली पूजा महोत्सव में फकीर का रूप धारण कर हारमोनियम पर गीत गाए।

फकीर के वेश में गीत गाते पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव। (फोटो जागरण)
HighLights
विधायक प्रदीप यादव ने फकीर बन हारमोनियम पर गीत गाए।
बेटों ने फिल्मी गीतों पर शानदार प्रस्तुति से मन मोहा।
सड़क सुरक्षा हेतु 200 हेलमेट का निःशुल्क वितरण किया गया।
संवाददाता, गोड्डा। सियासत की पिच पर अपने राजनीतिक कौशल का लोहा मनवाने वाले झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता सह पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला।
राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी प्रदीप यादव जब हारमोनियम की धुन पर सुर छेड़ते हैं, तो उनकी रंगमंचीय प्रतिभा भी सामने आ जाती है। खास बात यह है कि सुरों की इस महफिल में उनके दोनों बेटे भी किसी से पीछे नहीं रहे।
प्रदीप यादव ने ‘औलाद वालों, फूलो-फलो’ गीत गाकर समां बांधा, तो उनके बेटों ने फिल्म ‘सौदागर’ के मशहूर गीत ‘इमली के बूंटे, बेरी के पेड़’ पर ऐसी धूम मचाई कि मौजूद लोग भी झूमने पर मजबूर हो गए। सियासत से सुरों तक, पिता और बेटों की इस जुगलबंदी ने महफिल में चार चांद लगा दिए।
मौका था विधायक के पैतृक गांव बोहरा में काली पूजा महोत्सव पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का। सोमवार की रात जब मंच पर हारमोनियम लेकर फकीर की वेशभूषा में विधायक प्रदीप यादव मंच पर उतरे तो सहसा किसी को यकीन नहीं हुआ कि सियासत का खिलाड़ी रंगमंच का भी उमदा फनकार है।
अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों को भरपूर मनाेरंजन किया। कार्यक्रम मनोरंजन के साथ-साथ समाज को झकझोर देने वाले गहरे सामाजिक संदेशों का एक अनूठा संगम रहा, जिसमें हजारों की संख्या में स्थानीय आवाम और कला प्रेमियों ने हिस्सा लिया।
विधायक के पैतृक गांव बोहरा में काली पूजा समिति, सर्वोदय हाट मंच पर बेहद भावुक रंगमंचीय कार्यक्रम प्रेरणादायक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध आयोजन कहा जा सकता है।
भावुक प्रस्तुति से बंधा समां
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मंच पर जीवंत और प्रेरणादायी अभिनय किया, फकीर की वेशभूषा में गले में हारमोनियम लटकाकर और बजाते हुए मंच पर उनकी लाइव प्रस्तुति ने समां बांध दी। ...तुम गरीबों की सुनो... वो तुम्हारी सुनेगा, तुम एक पैसा दोगे, वो दस लाख देगा... और औलाद वालों फूलो फलो की मार्मिक प्रस्तुति में मानवीय संवेदनाओं को सर्वोपरि रखने का एक बेहद मजबूत संदेश दिया।
यही नहीं विधायक के दोनों पुत्र डा ऋत्विज और अर्कादित्य ने भी सौदागर फिल्म के गीत इमली का बूटा बेरी का पेड़, इमली खट्टी मीठे बैर इस जंगल में हम दो शेर चल घर जल्दी हो गई देर...... और नसीब फिल्म के गीत चल मेरे भाई तेरे हाथ जोड़ता हूं....पर भावुक अभिनय कर लोककला का जीवंत किया।
रोड सेफ्टी का संदेश , 200 हेलमेट का वितरण
कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अर्कादित्य यादव एवं काली पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए मंच से 200 हेलमेट का निश्शुल्क वितरण किया गया। उपस्थित अतिथियों और वक्ताओं ने एक स्वर में संदेश दिया कि 'जीवन अनमोल है, हेलमेट जरूर पहनें'।
कार्यक्रम में गोड्डा एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, डीएसपी मुख्यालय जेपीएन चौधरी , कांग्रेस नेता डा अजित महात्मा सहित प्रशासन के कई अधिकारी और गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। वक्ताओं ने रोड सेफ्टी और समाज कल्याण के महत्व पर विचार रखे।
क्विज़ और नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के लिए एक रोमांचक क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसके बाद विभिन्न जिलों से आए प्रतिष्ठित डांस अकादमियों और प्रतिभागियों के बीच सोलो और ग्रुप डांस प्रतियोगिताएं हुईं, जिन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
खेल, कला और प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें- ‘संजय गांधी विलेन और राजीव देवता?’ सोनिया गांधी की किताब पर निशिकांत दुबे का तंज
यह भी पढ़ें- गोड्डा के होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की बदलेगी सूरत, 2.70 करोड़ से होगा विकास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।