इंस्टाग्राम की दोस्ती, यूपी से गोड्डा पहुंची नाबालिग; 48 घंटे से शाहरूख की तलाश, पिता हिरासत में
Instagram Love Story: गोड्डा में उत्तर प्रदेश की एक नाबालिग लड़की के कथित निकाह मामले में पुलिस आरोपी शाहरुख अंसारी की तलाश में 48 घंटे से जुटी है।

Instagram पर दोस्ती के बाद यूपी से भागकर प्रेमी से मिलने गोड्डा पहुंची नाबालिग। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
उत्तर प्रदेश की नाबालिग के कथित निकाह मामले ने पुलिस की परेशानी बढ़ाई।
आरोपी शाहरुख अंसारी की तलाश में पुलिस 48 घंटे से जुटी।
शाहरुख के पिता इस्लाम अंसारी को पुलिस ने हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, गोड्डा। झारखंड के गोड्डा में उत्तर प्रदेश की नाबालिग से निकाह के कथित मामले ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। नाबालिग के गोड्डा पहुंचने के बाद से देवदांड़ थाना की पुलिस आरोपित युवक शाहरूख अंसारी की तलाश में पिछले 48 घंटे से जुटी है।
रविवार देर शाम तक पुलिस न तो नाबालिग को बरामद कर सकी थी और न ही आरोपित युवक तक पहुंच पाई थी। लड़की के माता-पिता भी यूपी से गोड्डा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पूरी कहानी सामने आएगी।
गोड्डा के देवदांड़ बाजार निवासी शाहरूख अंसारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रानीडीह पंचायत स्थित एक मदरसे में रहकर पढ़ाई करता था। इसी दौरान कथित तौर पर इंस्टाग्राम के जरिए उत्तर प्रदेश की नाबालिग से उसकी पहचान हुई।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने के बाद नाबालिग उत्तर प्रदेश से गोड्डा पहुंच गई। आरोप है कि उसे कुछ समय तक देवदांड़ बाजार स्थित शाहरूख के घर पर भी रखा गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह से ही पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने उसके पिता इस्लाम अंसारी को हिरासत में रखा है और आरोपित पर सरेंडर करने का दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के माता-पिता को भी उत्तर प्रदेश से गोड्डा बुलाया गया है। उनके पहुंचने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस नाबालिग की बरामदगी और आरोपित युवक की तलाश में जुटी है। मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और पुलिस अभिभावकों के आने का इंतजार कर रही है।
यह भी पढ़ें- गोड्डा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश, संचालक समेत दो गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- साहिबगंज-गोड्डा के लिए खुशखबरी: मिर्जाचौकी से महागामा तक बनेगा 49.5 किमी फोरलेन, रांची-देवघर का सफर होगा आसान
