साहिबगंज-गोड्डा के लिए खुशखबरी: मिर्जाचौकी से महागामा तक बनेगा 49.5 किमी फोरलेन, रांची-देवघर का सफर होगा आसान
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) मिर्जाचौकी से महागामा तक 49.5 किमी लंबा फोरलेन बनाएगा, जो NH 133 का विस्तार होगा और NH 33 से जुड़ेगा।

मिर्जाचौकी से महागामा तक बनेगा 49.5 किमी फोरलेन(एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मिर्जाचौकी-महागामा के बीच 49.5 किमी फोरलेन का निर्माण होगा।
यह सड़क साहिबगंज-गोड्डा को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
देवघर-रांची का सफर 20-25 किमी कम होकर आसान होगा।
डॉ. प्रणेश, साहिबगंज। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) मिर्जाचौकी से महागामा तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराएगा। यह एनएच 133 का विस्तार होगा। यह राजमार्ग सदर प्रखंड के हाजीपुर में एनएच 33 (पुराना एनएच 80) में जुड़ जाएगा। इसकी लंबाई करीब 49.5 किमी होगी। इसमें 22.5 किलोमीटर साहिबगंज तो शेष गोड्डा जिले में आएगा।
सड़क के बनने से साहिबगंज के लोगों के लिए देवघर व रांची जाना-आना काफी आसान हो जाएगा। साहिबगंज से देवघर की दूरी 20 से 25 किलोमीटर कम हो जाएगी। झारखंड के संताल परगना व बिहार के सीमांचल और करीब हो जाएंगे।
60 किलोमीटर सड़क का निर्माण
महागामा से हंसडीहा के बीच करीब 60 किलोमीटर सड़क का निर्माण एनएचएआई पहले ही करा चुका है। इसपर वाहनों का परिचालन शुरू है। काफी समय से एनएच 133 को एनएच 33 से जोड़ने की कवायद चल रही थी। पूर्व में महागामा-एकचारी रोड को फोरलेन करने का प्रस्ताव था। लेकिन एनएचएआई ने इसे अनुपयोगी माना। ऐसे में हंसडीहा-महागामा एनएच 133 को मिर्जाचौकी में भागलपुर-फरक्का पथ (एनएच 33) में जोड़ने की योजना तैयार की गयी है।
एनएचएआई के स्थानीय निदेशक अनुराग गुप्ता ने शुक्रवार को गोड्डा तो शनिवार को साहिबगंज उपायुक्त से इस प्रस्ताव पर चर्चा की। दोनों जगह से इसपर हरी झंडी मिल गयी है। अब इस प्रस्ताव को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कटिहार-पूर्णिया के लोगों को भी फायदा
इस सड़क का निर्माण होने से कटिहार-पूर्णिया, किशनगंज आदि जिलों के लोगों को भी फायदा होगा। इन जिलों के लोग अभी भागलपुर-गोड्डा होकर देवघर जाते हैं। अगले साल तक गंगा नदी पर पुल बनकर तैयार हो जाएगा।
ऐसे में कटिहार-पूर्णिया के लोग पुल पार करने के बाद दाएं घुम जाएंगे तथा मिर्जाचौकी-महागामा होते हुए सीधे देवघर पहुंच सकेंगे। गोड्डा के लोगों को सिलिगुड़ी आदि जाना आसान हो जाएगा। उधर, हंसडीहा से देवघर के बीच बनने वाली फोरलेन सड़क का भी टेंडर हो चुका है। ऐसे में जल्द ही उसका भी काम शुरू हो जाने की उम्मीद है।
मिर्जाचौकी से महागामा तक फोरलेन निर्माण का प्रस्ताव है। इस पर दोनों जिलों के उपायुक्तों से चर्चा हो चुकी है। इस प्रस्ताव को अब मंत्रालय को भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे साहिबगंज-गोड्डा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी होगी। - अनुराग गुप्ता, निदेशक, एनएचएआई, साहिबगंज
यह भी पढ़ें- साहिबगंज में 5.92 करोड़ की सड़क 6 महीने में हुई जर्जर, 3 किमी में बने 150 से अधिक गड्ढे
