Godda News: सूखे और चक्रवात की मार झेल रहे किसानों को राहत, अब सस्ती दरों पर मिलेंगे 4 फसलों के बीज
गोड्डा के मेहरमा प्रखंड में किसानों को रबी फसल की खेती के लिए अनुदानित दर पर गेहूं, मक्का, चना और मसूर के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।

किसानों को राहत, अब सस्ती दरों पर मिलेंगे 4 फसलों के बीज (AI Generated Image)
HighLights
किसानों को रबी फसलों के लिए अनुदानित बीज मिलेंगे।
गेहूं और मक्का के बीज कृषि कार्यालय में उपलब्ध।
किसान फसल क्षति मुआवजे की भी कर रहे मांग।
संवाद सहयोगी, मेहरमा (गोड्डा)। प्रखंड क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की खबर है। रबी फसल की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार अनुदानित दर पर गेहूं, मक्का, चना और मसूर के बीज उपलब्ध कराएगी।
फिलहाल प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कृषि कार्यालय को 100 क्विंटल गेहूं और 12 क्विंटल मक्का के बीज मिल चुके हैं।
अगले दो-चार दिनों में चना और मसूर के बीज भी उपलब्ध होने की संभावना है। इसके बाद संकुल स्तर पर निर्धारित मात्रा के अनुसार किसानों को बीज बांटे जाएंगे।
यह जानकारी पंचायत सचिव सह प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी जनार्दन दास ने दी। उन्होंने बताया कि बीज उपलब्ध होते ही वितरण शुरू कर दिया जाएगा, ताकि किसान समय पर रबी फसल की बुआई कर सकें। इसके लिए जरूरी तैयारी की जा रही है।
प्रखंड के किसान लगातार सूखे और प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहे हैं। इस वर्ष चक्रवात अकवन सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण खेतों में लगी फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ा है।
किसानों को उम्मीद थी कि फसल क्षति के एवज में सरकार या प्रशासन मुआवजे की घोषणा करेगा, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे किसानों में मायूसी है। ऐसे में अनुदानित दर पर रबी फसलों के बीज देने की पहल से उन्हें कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
किसानों का कहना है कि बीज के साथ फसल क्षति का उचित आकलन कर मुआवजा भी दिया जाना चाहिए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबरकर अगली खेती की तैयारी कर सकें।
यह भी पढ़ें- सब्जी उत्पादक किसानों को कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक छूट, बिहार सरकार की योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?
यह भी पढ़ें- 2461 सरकारी दर, पर 1500 रुपये क्विंटल धान बेचने को मजबूर किसान! दरभंगा में पैक्स के बहिष्कार से बढ़ी मुश्किल