विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सब्जी उत्पादक किसानों को कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक छूट, बिहार सरकार की योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:11 PM (GMT+05:30)

बिहार सरकार की कृषि यांत्रिकीकरण योजना 2026-27 के तहत सब्जी और उद्यानिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर 80% तक अनुदान मिल रहा है।  

सब्जी उत्पादक किसान। फोटो जागरण

सब्जी उत्पादक किसान। फोटो जागरण

HighLights

  1. कृषि यंत्रों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान

  2. खेत की तैयारी से भंडारण तक के उपकरण शामिल

  3. डीबीटी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर उठाएं लाभ

अरुण प्रसाद, आरा। सब्जी और उद्यानिक फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। कृषि यांत्रिकीकरण योजना 2026-27 के तहत सरकार विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है।

खेत की तैयारी, बोआई, निराई-गुड़ाई, दवा छिड़काव से लेकर फसल की कटाई और भंडारण तक के उपकरण योजना में शामिल किए गए हैं।

इससे भोजपुर जिले के सब्जी उत्पादकों को खेती की लागत कम करने और श्रम पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी।

उपकरणों की निर्धारित दर और अनुदान से संबंधित जानकारी उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण मंटू कुमार ने दी। योजना की दोनों अनुसूचियों में कुल 86 तरह के कृषि यंत्र शामिल हैं।

इनमें सब्जी, फल, मखाना उत्पादन और फसल कटाई के बाद उसके प्रसंस्करण एवं भंडारण से संबंधित उपकरण भी हैं।

सामान्य वर्ग के साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति के किसानों के लिए अनुदान की अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं।

खेत की तैयारी और बोआई के यंत्रों पर भी अनुदान

सब्जी की खेती में उपयोग होने वाली स्माल मैनुअल टूल किट (खुरपी, हंसुआ और हो) की खरीद पर 80 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इस पर अधिकतम 800 रुपये की सहायता निर्धारित है।

मल्टीक्राप प्लांटर पर सामान्य वर्ग को 40 प्रतिशत (अधिकतम 26 हजार रुपये) और एससी-एसटी वर्ग को 50 प्रतिशत (अधिकतम 35 हजार रुपये) अनुदान मिलेगा।

इसी तरह राइज्ड बेड प्लांटर पर सामान्य वर्ग को अधिकतम 32 हजार और एससी-एसटी वर्ग को 40 हजार रुपये तक सहायता मिलेगी। पोटैटो प्लांटर पर यह राशि क्रमश: 40 हजार और 50 हजार रुपये है।

रोटावेटर पर सामान्य वर्ग को 24 हजार और एससी-एसटी वर्ग को 30 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। सिंचाई के लिए एचडीपीई पाइप की खरीद पर 50 रुपये प्रति मीटर की दर से अधिकतम 15 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।

छिड़काव और निराई-गुड़ाई के उपकरणों पर विशेष जोर

सब्जी की फसलों में दवा छिड़काव और खरपतवार नियंत्रण के लिए भी कई उपकरण योजना में शामिल हैं। बैटरी चालित पावर स्प्रेयर की खरीद पर सामान्य वर्ग को 1200 रुपये और एससी-एसटी वर्ग को 1500 रुपये तक अनुदान मिलेगा।

मानव चालित राकर स्प्रेयर पर क्रमश: दो हजार और 2500 रुपये तक तथा छह एचपी के इंजन चालित पावर स्प्रेयर पर छह हजार और 7500 रुपये तक अनुदान का प्रावधान है।

वहीं, दो से पांच एचपी क्षमता वाले पावर वीडर पर सामान्य वर्ग को 18 हजार और एससी-एसटी वर्ग को 22,500 रुपये तक सहायता मिलेगी।

पांच एचपी से अधिक क्षमता वाले पावर वीडर पर यह राशि क्रमश: 22 हजार और 27,500 रुपये है। इन उपकरणों से सब्जी की कतारों के बीच खरपतवार हटाने और फसलों की देखभाल में किसानों को सहूलियत होगी।

भंडारण और फल-सब्जी की कटाई के उपकरण भी शामिल

फसल की तुड़ाई और सुरक्षित भंडारण के लिए मेटल स्टोरेज बिन, ग्राफ्टिंग टूल, प्रूनिंग सिकेटर और फ्रूट हार्वेस्टर को भी योजना में जगह दी गई है।

पांच क्विंटल क्षमता वाले मेटल स्टोरेज बिन पर सामान्य वर्ग को 1600 और एससी-एसटी वर्ग को 2000 रुपये तक अनुदान मिलेगा।

इसके अलावा पौधों की कटाई-छंटाई और फल-सब्जियों की तुड़ाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों पर भी निर्धारित सहायता दी जाएगी।

DBT पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर आनलाइन आवेदन करना होगा।

आवेदन के लिए आधार कार्ड, जमीन की रसीद और बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे। किसानों को यंत्र खरीदने से पहले संबंधित उपकरण की पात्रता, निर्धारित अनुदान और विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी लेनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट में 34 प्रस्तावों पर मुहर: जलापूर्ति पर खर्च 1794 करोड़, 1295 एकड़ जमीन पर बसेंगे औद्योगिक क्षेत्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।