विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार कैबिनेट में 34 प्रस्तावों पर मुहर: जलापूर्ति पर खर्च 1794 करोड़, 1295 एकड़ जमीन पर बसेंगे औद्योगिक क्षेत्र

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:01 PM (IST)

बिहार कैबिनेट ने 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिसमें पटना की जलापूर्ति के लिए 1794 करोड़ रुपये और नालंदा, समस्तीपुर व शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 1295 एकड़ भूमि अधिग्रहण शामिल है। इसके अतिरिक्त, ग्राम कचहरियों का प्रशासनिक खर्च छह गुना बढ़ाया गया और 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू करने का भी निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक

HighLights

  1. पटना जलापूर्ति पर 1794 करोड़ रुपये खर्च को मंजूरी।

  2. तीन जिलों में 1295 एकड़ औद्योगिक भूमि अधिग्रहण।

  3. ग्राम कचहरियों का सालाना खर्च छह गुना बढ़ा।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में विकास और बुनियादी सुविधाओं को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों में राजधानी पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने से लेकर नए औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार तक कई बड़े निर्णय शामिल हैं।

सरकार पटना में पानी की व्यवस्था सुधारने के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये खर्च करेगी। वहीं, नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए 1,295 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम कचहरियों का सालाना प्रशासनिक खर्च छह गुना बढ़ाने और बिहार की ब्रांडिंग के लिए विशेष अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया है।

पटना में पानी की किल्लत दूर करने के लिए 1,794 करोड़ का मेगा प्लान

राजधानी पटना में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अमृत 2.0 के तहत 1,794 करोड़ 32 लाख रुपये की परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

इस योजना का सीधा फायदा शहर के 75 वार्डों के 2.18 लाख से अधिक घरों को मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत गंगा नदी से पानी लाने, उसे शुद्ध करने और घरों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर आधारभूत संरचना तैयार की जाएगी।

गंगा किनारे बनेंगे दो इंटेक वेल, 705 एमएलडी पानी होगा शुद्ध

परियोजना के तहत दानापुर में परित्यक्त पीपा पुल के समीप और दीदारगंज के पिरदमरिया घाट के पास गंगा नदी में दो इंटेक वेल बनाए जाएंगे। इसके अलावा दानापुर के दियारा क्षेत्र में 355 एमएलडी क्षमता का जलशोधन संयंत्र और सुकवारपुर में 350 एमएलडी क्षमता का दूसरा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। दोनों संयंत्रों की कुल क्षमता 705 एमएलडी होगी। इससे पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शहर में बिछेगी 1,980 किलोमीटर पाइपलाइन, बनेंगी 45 नई जलमीनारें

जलापूर्ति परियोजना के तहत पटना में करीब 1,980 किलोमीटर लंबा जल वितरण नेटवर्क बिछाया जाएगा। इसके साथ ही 45 नई जलमीनारों का निर्माण होगा और 13 अर्धनिर्मित जलमीनारों को पूरा किया जाएगा।

पांच मौजूदा जलमीनारों को भी नई व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। पानी की आपूर्ति पर नजर रखने और संचालन को बेहतर बनाने के लिए दो केंद्रीयकृत स्काडा प्रणाली भी विकसित की जाएगी।

तीन जिलों में 1,295 एकड़ जमीन पर होगा औद्योगिक विस्तार

कैबिनेट ने राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को भी मंजूरी दी है। इसके लिए कुल 1,295 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

सरकार इस पर 718 करोड़ रुपये खर्च करेगी। नई औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन उपलब्ध होने से निवेश आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का रास्ता खुलेगा।

नालंदा में सबसे ज्यादा 565 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण

जमीन अधिग्रहण के लिए जिलेवार राशि भी तय कर दी गई है। नालंदा में 565 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 383 करोड़ रुपये खर्च होंगे। समस्तीपुर में 480 एकड़ जमीन के लिए 262 करोड़ रुपये और शेखपुरा में 250 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस फैसले से तीनों जिलों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

ग्राम कचहरियों को अब सालाना मिलेंगे 24 हजार रुपये

ग्रामीण स्तर पर न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में छह गुना बढ़ोतरी की है। अभी प्रत्येक ग्राम कचहरी को सालाना चार हजार रुपये दिए जाते हैं।

कैबिनेट ने इसे एक अप्रैल 2027 से बढ़ाकर 24 हजार रुपये सालाना करने की मंजूरी दी है। इससे ग्राम कचहरियों को दैनिक प्रशासनिक कार्यों के संचालन में आर्थिक मदद मिलेगी।

बिहार की ब्रांडिंग के लिए शुरू होगा 'बिहार है तैयार' अभियान

बिहार की सकारात्मक छवि, सांस्कृतिक विरासत, विकासात्मक उपलब्धियों और निवेश की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू किया जाएगा।

बिहार फाउंडेशन के माध्यम से चलने वाले इस अभियान के प्रचार-प्रसार और मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी रेडिफ्यूजन एजेंसी को दी गई है। एजेंसी एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक काम करेगी।

फरवरी में होगा बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027

निवेश को आकर्षित करने और बिहार को औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने के लिए उद्योग विभाग फरवरी 2027 में बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन करेगा।

इसके प्रचार-प्रसार और मीडिया प्रबंधन का काम भी रेडिफ्यूजन एजेंसी संभालेगी। सरकार का लक्ष्य राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रभावी तरीके से रखना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।