विभीषण कौन, बताएं पोड़ैयाहाट विधायक : संजय यादव
विभीषण कौन बताएं पोड़ैयाहाट विधायक संजय यादव ...और पढ़ें

विभीषण कौन, बताएं पोड़ैयाहाट विधायक : संजय यादव
संवाद सहयोगी, गोड्डा : जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद अब बयानबाजी का दौर जो शुरू हुआ तो थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस चुनाव में पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव और गोड्डा के पूर्व विधायक संजय यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। प्रदीप यादव जहां रंजना देवी के पक्ष में खड़े थे वहीं संजय यादव बेबी देवी को जीताने में एड़ी-चोटी एक किए हुए थे। शह-मात के खेल में संजय यादव भारी पड़े। गुरुवार को पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने रामनगर स्थित आवास पर प्रेस वार्ता में पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव पर जमकर बरसे। उनके बयान पर कि चुनाव में अपने ही विभीषण के कारण हार हुई, को लेकर संजय यादव ने कहा कि पोड़ैयाहाट विधायक को बताना चाहिए कि विभीषण कौन है। उन्हें उनका नाम उजागर करना चाहिए। कहा कि वैसे विभीषण शब्द पोड़ैयाहाट विधायक पर ही सटीक बैठता है। कहा कि ऐसे लोग किसी के नहीं हो सकते। जहां रहते हैं वहीं पर नुकसान पहुंचाते हैं। कहा कि आरएसएस से आये पहले भाजपा में गए, भाजपा के नहीं हुए तो बाद में झाविमो में गए, झाविमो को नुकसान पहुंचाया और अब कांग्रेस व यूपीए को बर्बाद करने पर तुले हैं। कहा कि कांग्रेस व यूपीए को प्रदीप यादव जैसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। यह समय की ताक में है कि कब भाजपा में जाएं, लेकिन गोड्डा सांसद के कारण यह भाजपा में नहीं जा पा रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि वे जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में खुले तौर पर बेबी देवी के साथ थे। बेबी देवी के पति किंकर सिंह से उनका 35 साल पुराना संबंध रहा है। हर चुनाव में किंकर सिंह ने साथ दिया है। उसे भाजपा प्रत्याशी साबित करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि मेरी लड़ाई यहीं खत्म नहीं हुई है, बल्कि फाइनल लड़ाई पोड़ैयाहाट विधानसभा चुनाव 2024 में होगी। लोग किसी मुगालते नहीं रहें। इतना जरूर कहेंगे कि प्रदीप यादव जैसे लोगों से कांग्रेस व यूपीए को सावधान रहने की जरूरत है। नहीं तो नुकसान ही नुकसान होगा। कहा कि लालू प्रसाद यादव से बड़ा धर्मनिरपेक्ष कोई नहीं है, संजय यादव उन्हीं के शिष्य हैं। ऐसे में उनपर कोई सवाल न उठाए। वे न तो कभी आरएसएस में रहे, न भाजपा में रहे, न ही झाविमो में रहे। जो लोग इन दलों में रहे हैं उससे नसीहत की जरूरत उन्हें नहीं है। नवनिर्वाचित जिप अध्यक्ष बेबी देवी के पति किंकर सिंह ने कहा कि पूर्व विधायक संजय यादव से उनका पुराना संबंध रहा है और आज संजय यादव व महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह सहित समर्थन करने वाले जिप सदस्यों की बदौलत उनकी पत्नी बेबी देवी जिप अध्यक्ष का चुनाव जीत पाई हैं। जनता का पूरा आशीर्वाद उनके साथ है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।