विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुमका से लापता दो बच्चों के शव पोड़ैयाहाट में कुएं से मिले, मां हिरासत में

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:55 PM (IST)

Godda News: पोड़ैयाहाट में एक कुएं से दो बच्चों (आरव और आयुष) के शव बरामद हुए हैं, जो 19 अक्टूबर ...और पढ़ें

पोड़ैयाहाट में कुएं से दो बच्चों के शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोग। (फोटो जागरण)

पोड़ैयाहाट में कुएं से दो बच्चों के शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोग। (फोटो जागरण)

संवाद सहयोगी, पोड़ैयाहाट (गोड्डा)। झारखंड के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सकरी फुलवार पंचायत के सलगाटांड़ मौजा में एक कुएं से दो बच्चों का शव पुलिस ने बरामद किया है। मृत बच्चों की पहचान चार वर्षीय आरव कुमार और नौ वर्षीय आयुष कुमार सिंह के रूप में की गई है।

दोनों बच्चे 19 अक्टूबर से अपने ही परिजन राखी कुमारी के साथ दुमका से लापता हो गए थे। राखी, आरव की मां और आयुष की चाची हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मौके पर दुमका के एसडीपीओ समेत विभिन्न पुलिस पदाधिकारी और पोड़ैयाहाट पुलिस की टीम पहुंची है। दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके शव कुएं तक कैसे पहुंचे, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

दुमका में मेला घूमने के दौरान महिला के साथ लापता हो गए थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलिया डंगाल गांव निवासी विक्रांत सिंह ग्रीनलैंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। 19 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी राखी कुमारी, चार वर्षीय बेटे आरव, नौ वर्षीय भतीजे आयुष कुमार सिंह और दो भतीजी के साथ दुमका आए थे।

परिजनों के अनुसार, परिवार ने दुमका में मेला घूमने के साथ आसपास के कुछ धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण किया था। बताया जाता है कि दुमका नगर थाना के समीप मेला घूमने के बाद परिवार के सदस्य फास्ट फूड की दुकान के पास रुके थे।

इसी दौरान राखी ने बेटे आरव और भतीजे आयुष के लिए कुछ सामान खरीदने की बात कही और दोनों बच्चों को लेकर वहां से चली गईं। काफी देर तक जब तीनों वापस नहीं लौटे तो विक्रांत सिंह ने उनकी खोजबीन शुरू की।

आसपास तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो डायल 112 पर संपर्क किया गया। बाद में नगर थाना में भी शिकायत दर्ज कराई गई।

मोबाइल लोकेशन पोड़ैयाहाट में मिलने पर शुरू हुई थी तलाश

परिजनों के अनुसार, पुलिस के माध्यम से जानकारी मिली कि लापता राखी कुमारी के मोबाइल की लोकेशन पोड़ैयाहाट क्षेत्र में मिली है। इसके बाद राखी की गोतनी और आयुष की मां रिंकी देवी पोड़ैयाहाट पहुंचीं।

उन्होंने आसपास के सुनसान और पहाड़ी इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन राखी और दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चला। अब उसी क्षेत्र के सलगाटांड़ मौजा स्थित एक कुएं से दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है।

आरव के पिता विक्रांत सिंह के अनुसार, परिवार पाकुड़ से पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगा गांव भी गया था। वहां राखी ने मन्नत से संबंधित बात कही थी। इसके बाद परिवार दुर्गापूजा में शामिल हुआ और फिर दुमका की ओर रवाना हो गया।

परिवार ने चुटोनाथ स्थित पार्क सहित अन्य स्थानों का भी भ्रमण किया था। हालांकि, इन घटनाक्रमों और बच्चों की मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

अंधविश्वास की आशंका पर चर्चा, पुलिस के जांच के बाद ही खुलेगा राज

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग अंधविश्वास अथवा किसी धार्मिक मान्यता से घटना को जोड़कर आशंका जता रहे हैं।

हालांकि, फिलहाल इन चर्चाओं की पुष्टि करने वाला कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार तक कुएं के पास किसी प्रकार की असामान्य गतिविधि या शव दिखाई नहीं दिया था। ऐसे में बच्चों के शव कुएं में कैसे पहुंचे, यह सवाल भी लोगों को परेशान कर रहा है।

पोड़ैयाहाट पुलिस ने भी महिला और दोनों बच्चों के लापता होने के संबंध में सोशल मीडिया पर सूचना जारी की थी।अब दो बच्चों के शव मिलने के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें- दुमका मेले से पाकुड़ की महिला बेटे-भतीजे संग लापता, पति की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

यह भी पढ़ें- दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के नए मार्ग को गोड्डा प्रशासन की अनुमति नहीं, पूजा कमेटी ने परिसर में ही तालाब खुदवाना शुरू किया