दुमका मेले से पाकुड़ की महिला बेटे-भतीजे संग लापता, पति की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
Dumka News: दुर्गा पूजा मेला घूमने आई पाकुड़ की एक महिला अपने चार वर्षीय बेटे और नौ वर्षीय भतीजे के ...और पढ़ें

लापता महिला राखी कुमारी, पुत्र आरव और भतीजे आयुष कुमार। (फोटो साैजन्य)
HighLights
महिला राखी कुमारी बेटे-भतीजे संग दुमका से लापता।
दुर्गा पूजा मेला घूमने आई थी पाकुड़ से।
पति विक्रांत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, दुमका। दुर्गा पूजा पर सोमवार को पति के साथ मेला घूमने आई राखी कुमारी चार वर्षीय बेटे आरव व नौ साल के भतीजे आयुष कुमार के साथ गायब हो गई। महिला पाकुड़ के महेशपुर के बलियाडंगाल की रहने वाली है। पति विक्रांत सिंह ने देर शाम नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। दुमका पुलिस तीनों की तलाश में जुटी है।
पाकुड़ के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियाडंगाल गांव के विक्रांत सिंह ग्रीनलैंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में चालक के पद पर काम करते हैं। 19 अक्टूबर की शाम वह अपनी कार से पत्नी, बेटे, भतीजे और भतीजी के साथ दुमका आए थे। नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास कार खड़ी की।
परिवार के सभी लोगों ने पहले धर्मस्थान मंदिर में पूजा की और फिर एक ठेले पर नाश्ता किया। इसके बाद महिला और दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चला। पति ने बताया कि वह भतीजी, भतीजा और बेटे के साथ पहले सरैयाहाट आए और वहां से चूटोनाथ और सेल्फी ब्रिज देखते हुए दुमका आए।
नगर थाना के समीप पेट्रोल पंप के पास कार खड़ी की और सभी के साथ दर्शन करने के लिए धर्मस्थान मंदिर चले गए। पंप के समीप एक ठेले पर नाश्ता किया। घर के सभी लोग नाश्ता करते रहे और वह कार के पास उनका इंतजार करने लगे। इसके बाद अकेले भतीजी वापस आई और कहा कि सभी लोग नाश्ता कर रहे हैं और जल्दी आ जाएंगे।
काफी देर तक तीनों नहीं आए तो ठेला के पास जाकर देखा तो वहां कोई नहीं था। पत्नी के नंबर पर काल किया तो स्विच आफ था। काफी देर खोजबीन करने के बाद भी पत्नी समेत बच्चों का पता नहीं चला। परेशान होकर नगर थाना गए और पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताकर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद ने बताया कि महिला समेत सभी की तलाश की जा रही है। महिला का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है और उसकी लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गुजरात फैक्ट्री हादसे ने छीनी चार मजदूरों की जान, तीन झारखंड के; मुआवजे के इंतजार में स्वजन
यह भी पढ़ें- SIR पर प्रदीप यादव का बड़ा दावा: राहुल गांधी के विरोध से झारखंड में कटने से बचे एक करोड़ मतदाताओं के नाम
