राजस्थान से नाबालिग लड़की को लाया झारखंड का युवक, पुलिस वापस लेकर जाने लगी तो ग्रामीणों ने भगाया
देवरी थाना क्षेत्र के कोयनडीह गांव में ग्रामीणों ने राजस्थान पुलिस की हिरासत से एक आरोपित युवक और नाबालिग लड़की को छुड़ा लिया।

देवरी की घटना के बाद छानबीन करती राजस्थान पुलिस व देवरी पुलिस के अधिकारी। जागरण
HighLights
ग्रामीणों ने राजस्थान पुलिस की हिरासत से युवक-नाबालिग लड़की को छुड़ाया।
युवक नाबालिग लड़की को राजस्थान से भगाकर अपने गांव लाया था।
घटनास्थल पर तनावपूर्ण माहौल, पुलिस दोनों की तलाश में जुटी।
संवाद सहयोगी, देवरी (गिरिडीह)। देवरी थाना अंतर्गत कोयनडीह गांव के समीप रविवार को राजस्थान पुलिस की हिरासत से एक आरोपित युवक और नाबालिग लड़की को ग्रामीण हंगामा करते हुए पुलिस वाहन से उतारकर भगा ले गए।
राजस्थान पुलिस ने देवरी पुलिस के सहयोग से कोयनडीह गांव में शनिवार को छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने कोयनडीह गांव में छापेमारी कर आरोपित युवक के साथ राजस्थान से गायब हुई एक नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया।
रविवार को राजस्थान पुलिस आरोपित सहित लड़की को हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा के लिए अपने साथ एक निजी वाहन ले जा रही थी।
इसी बीच अचानक कोयनडीह गांव के समीप में कुछ ग्रामीणों और युवक के स्वजन ने रास्ता में अवरोध कर उक्त वाहन को रोक लिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीण दोनों लड़का लड़की को पुलिस की गाड़ी से जबरन नीचे उतार कर भगा ले गए।
नाबालिग लड़की को भगाकर लाया था युवक
जानकारी के अनुसार कोयनडीह गांव निवासी एक युवक राजस्थान से उक्त नाबालिग लड़की को अपने साथ भगाकर गांव ले आया था। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपित युवक कुछ दिनों से उक्त नाबालिग लड़की को अपने ही घर में छिपाकर रखा था।
लड़की की तलाश में जुटी राजस्थान पुलिस बीते शनिवार को उक्त नाबालिग लड़की के चाचा को साथ लेकर देवरी थाना पुलिस के सहयोग से आरोपित युवक के घर पहुंच गई, जहां से आरोपित युवक और उक्त नाबालिग लड़की सहित दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
आरोपित और लड़की को राजस्थान पुलिस की हिरासत से भगा कर ले जाने के बाद घटना स्थल का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
घटना की सूचना पाकर देवरी पुलिस भी पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक तिसरी इंस्पेक्टर सहित देवरी पुलिस और राजस्थान पुलिस संयुक्त रूप से दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर: धालभूमगढ़ में कोहरे का कहर, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक; रांची के युवक की मौत, दूसरा गंभीर
यह भी पढ़ें- जामताड़ा का गुड संडे: 1.5 लाख महिलाओं के खाते में आए 2500-2500 रुपये, 1 लाख लोगों को मिली पेंशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।