जमशेदपुर: धालभूमगढ़ में कोहरे का कहर, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक; रांची के युवक की मौत, दूसरा गंभीर
जमशेदपुर के धालभूमगढ़ में घने कोहरे के कारण एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई।

घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई।
HighLights
धालभूमगढ़ में घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा।
तेज रफ्तार बाइक खराब ट्रक से जा टकराई।
विवेक महली की मौत, शिव शंकर महली गंभीर घायल।
जासं, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र स्थित एनएच-18 पर नूतनगढ़ रेलवे फाटक और गजानन कारखाना के बीच रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में लोहरदगा निवासी विवेक महली (26) की मौत हो गई, जबकि चान्हो निवासी शिव शंकर महली (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।
रांची से ओडिशा जा रहे थे चार दोस्त
जानकारी के अनुसार, दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक रांची से ओडिशा के धौलगिरी जा रहे थे। इसी दौरान नूतनगढ़ रेलवे फाटक के पास एक खाली ट्रक (बीआर 26जीए 0826) खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था।
रविवार तड़के घने कोहरे की वजह से बाइक (जेएच 01जीवी 6187) चला रहे युवक को खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और बाइक सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी।
हादसे में विवेक और शिव शंकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार उनके दोनों साथी सुरक्षित बच गए। घटनास्थल से दो हेलमेट भी बरामद किए गए हैं।
एक की मौत, गंभीर घायल एमजीएम रेफर
सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।
वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने विवेक महली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिव शंकर महली को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के भाई अमरेंद्र महली ने अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।