जामताड़ा का सुपर संडे: महिलाओं के खाते में आए 2500-2500 रुपये, 1 लाख लोगों को मिली पेंशन की राशि
जामताड़ा जिले में अक्टूबर माह की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और पेंशन का भुगतान किया गया है।

मईंया सम्मान योजना। ग्राफिक्स जागरण
HighLights
जामताड़ा में अक्टूबर माह की पेंशन राशि का भुगतान।
1.51 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ।
सर्वजन और केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभुकों को राशि।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभुकों को अक्टूबर माह की सम्मान राशि और पेंशन का भुगतान किया गया है।
झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत भौतिक सत्यापन के बाद जिले की 1,51,961 महिलाओं के बैंक खातों में 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 37 करोड़ 99 लाख 2 हजार 500 रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। राशि का भुगतान पीएफएमएस,डीबीटी के माध्यम से किया गया है।
वहीं सर्वजन पेंशन योजना के तहत अक्टूबर माह की पेंशन राशि 1,07,116 लाभुकों के बैंक खातों में एपीबीएस, पीएफएमएस के माध्यम से भेजी गई है।
इसमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 80,897, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,883, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,214, मुख्यमंत्री राज्य एचआइवी, एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 75 और स्वामी विवेकानंद निश्शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 12,047 लाभुक शामिल हैं।
केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का भी भुगतान
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के तहत केंद्र प्रायोजित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभुकों के खाते में भी राशि हस्तांतरित की गई है।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 30,297 लाभुकों को अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की पेंशन के रूप में प्रति लाभुक 4,000 रुपये दिए गए हैं।
इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 4,869 लाभुकों को अप्रैल से सितंबर 2026 तक की छह माह की पेंशन के रूप में प्रति लाभुक 6,000 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के 991 लाभुकों को जनवरी से जून 2026 तक की छह माह की पेंशन के रूप में प्रति लाभुक 6,000 रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
इस प्रकार केंद्र प्रायोजित तीनों पेंशन योजनाओं के कुल 36,157 लाभुकों के खातों में 21 नवंबर को राज्य स्तर से पेंशन राशि भेजी गई।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि योग्य लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- झारखंड के झरिया में शहीदों का अपमान, 2001 की त्रासदी में जान गंवाने वाले मजदूरों के स्मारक पर चला बुलडोजर